होम = State = बिहार = जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं…सीएम योगी की सीतामढ़ी से गर्जना

जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं…सीएम योगी की सीतामढ़ी से गर्जना

by | Nov 6, 2025 | बिहार

CM Yogi: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में CM योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी की धरती से NDA के समर्थन में गरजते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अब बिहार को माफिया और परिवारवाद की राजनीति से आज़ाद होना होगा। जैसे UP में माफिया खत्म हुए, वैसे ही बिहार में भी माफिया पस्त और नौजवान मस्त होगा।”

माता जानकी की जन्मभूमि को नमन

CM योगी ने परिहार और सुरसंड विधानसभा क्षेत्रों की जनसभाओं में कहा कि बिहार की जनता अब पहचान के संकट से निकलकर विकास की राह चुन रही है। माता जानकी की जन्मभूमि को नमन करते हुए योगी बोले, “यह भूमि मर्यादा और आस्था की प्रतीक है। जिस धरती से माता जानकी ने जन्म लिया, वहां भगवान राम का नाम गूंजे, यह हर भारतीय का सौभाग्य है।” उन्होंने सीतामढ़ी और गोरखपुर के धार्मिक रिश्ते को याद करते हुए कहा, “यह रिश्ता सिर्फ संस्कृति का नहीं, बल्कि राम-जानकी की आत्मा का संबंध है।”

विपक्ष पर सीधा वार

योगी ने मंच से विपक्ष पर सीधा वार करते हुए कहा, “जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं।” उन्होंने याद दिलाया कि जिन्होंने भगवान श्रीराम और माता जानकी के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वही अब जनता के बीच मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। योगी बोले, “राजद और कांग्रेस ने बिहार को भ्रष्टाचार और अराजकता में झोंक दिया। लालटेन की रोशनी अब बुझ चुकी है, जनता अब मोदीजी के उजाले और नीतीशजी के विकास पर भरोसा कर रही है।”

राम मंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “विपक्ष ने कहा था कि मंदिर बनना असंभव है, लेकिन आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है। हमने कहा था ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ और हमने करके दिखाया।”

“विकास की गारंटी

सीएम ने मोदी-नीतीश की जोड़ी को “विकास की गारंटी” बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और नई सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। “अब बिहार का हर युवा माफिया-मुक्त माहौल में सपने साकार करेगा। एनडीए की सरकार सिर्फ राजनीति नहीं करती, यह भारत की आत्मा को जोड़ती है,” योगी ने कहा।

अंत में उन्होंने जनता से अपील की “गायत्री देवी (परिहार) और नागेंद्र राउत (सुरसंड) को भारी मतों से जिताइए, ताकि बिहार विकास और आस्था की राह पर आगे बढ़ सके।”

ये भी पढ़े : Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता

Tags : CM Yogi