Tejashwi Yadav : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जहां संशय की स्थिति बनी हुई है, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है. मुजफ्फरपुर जिले के कांटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ऐलान किया कि इस बार “बिहार की सभी 243 सीटों पर तेजस्वी यादव लड़ेगा.
तेजस्वी यादव ने क्या कहा
तेजस्वी यादव ने जनसभा में कहा कि तेजस्वी संघर्ष करेगा. मेरी आपसे अपील है कि आप मेरे नाम पर वोट करें. बिहार को आगे ले जाने के लिए हम मिलकर काम करेंगे और इस निकम्मी सरकार को हटाएंगे.
महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान
तेजस्वी के इस बयान को महागठबंधन के भीतर चल रहे सीट बंटवारे की खींचतान के बीच एक राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. बता दें कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 75 सीटें जीती थीं. वहीं कांग्रेस को 70 सीटें मिली थीं, लेकिन वह सिर्फ 19 पर ही जीत दर्ज कर पाई थी. महागठबंधन के घटक दल आगामी चुनावों में अधिक से अधिक सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं,जिससे अंदरखाने रस्साकशी तेज हो गई है. इसी बीच तेजस्वी का यह ऐलान सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है.
राज्य सरकार पर जोरदार हमला
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि केवल जुमलों की बारिश हो रही है. वोट बिहार से और फैक्ट्री गुजरात में, ये अब नहीं चलेगा. उन्होंने दावा किया कि राजद के दबाव में आकर ही सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं. उन्होंने कहा कि हमने पेंशन, डोमिसाइल, मुफ्त बिजली की बात की,तो सरकार ने इन्हें लागू किया. तेजस्वी आगे-आगे और सरकार पीछे-पीछे चल रही है. तेजस्वी ने सरकार पर माई-बहिन मान योजना की नकल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमारी सरकार बनी तो हर महिला को पांच साल में डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे.
विकास के वादे और सामाजिक समरसता की अपील
तेजस्वी यादव ने लोगों से जात-पात और धर्म की दीवारें तोड़कर महागठबंधन को समर्थन देने की अपील की. उन्होंने रोजगार और विकास को चुनावी मुद्दा बनाने की बात दोहराई. जनसभा के दौरान तेजस्वी यादव ने कांटी प्रखंड मुख्यालय में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर स्मारक पार्क और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह की स्मृति में बनाए गए द्वार का उद्घाटन कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी.

