होम = PM Modi = PM Modi Purnia Visit : पीएम मोदी का बिहार दौरा आज, विकास परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

PM Modi Purnia Visit : पीएम मोदी का बिहार दौरा आज, विकास परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

by | Sep 15, 2025 | PM Modi, बिहार

PM Modi Purnia Visit : बिहार के सीमांचल क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला दिन आज इतिहास में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पूर्णिया पहुंचकर 35,461 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। यह अब तक का सबसे बड़ा पैकेज माना जा रहा है, जो उद्योग, कृषि, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा देगा।

पूर्णिया एयरपोर्ट से नई उड़ान

प्रधानमंत्री मोदी 34 करोड़ की लागत से बने पूर्णिया एयरपोर्ट (PM Modi Purnia Visit) के सिविल एन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। इस सुविधा से सीमांचल और उत्तर बिहार के लोगों को हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे पर्यटन, व्यापार और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे।

रेल कनेक्टिविटी को मजबूती

यात्रा और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री अररिया-गलगलिया रेल लाइन (लागत 4,410 करोड़) का उद्घाटन करेंगे। साथ ही सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) और जोगबनी-इरोड मार्ग पर अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होगी। सबसे खास तोहफा होगा जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत, जो सीमांचल को सीधे पटना से जोड़ेगी। इससे शिक्षा, व्यापार और रोजगार की संभावनाएं और सशक्त होंगी।

बाढ़ से राहत दिलाएगा कोसी-मेची लिंक

हर साल बाढ़ की मार झेल रहे सीमांचल के लिए प्रधानमंत्री 2,680 करोड़ की लागत वाली कोसी-मेची अंतरराज्यीय लिंक परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह योजना बाढ़ नियंत्रण और गाद की समस्या से निपटने में कारगर साबित होगी। लाखों किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना

सीमांचल की पहचान बने मखाना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन की घोषणा करेंगे। इससे किसानों की आय में इजाफा होगा और मखाना को वैश्विक बाजार में नई ऊंचाई मिलेगी।

कृषि और आवास में लाभ

प्रधानमंत्री 64 करोड़ रुपये की लागत से बने सीमेन बैंक का उद्घाटन करेंगे, जो पशुपालन और कृषि उत्पादन में मददगार होगा। इसके अलावा 603 करोड़ की लागत से बने 40,920 आवासीय इकाइयों का गृहप्रवेश कराया जाएगा। 500 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।

कार्यक्रम की रूपरेखा

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2:20 बजे चूनापुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण करने के बाद 3:30 बजे वे हेलीकॉप्टर से शीशाबाड़ी एसएसबी मैदान जाएंगे, जहां विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ेबिहार की सभी 243 सीटों पर लड़ेगा तेजस्वी…RJD का बड़ा ऐलान ! महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर उहापोह

सीमांचल के लिए ऐतिहासिक दिन

पूर्णिया से शुरू हो रही इन योजनाओं को सीमांचल के विकास की नई राह माना जा रहा है। एयरपोर्ट, रेल परियोजनाएं, बिजली संयंत्र, एक्सप्रेस-वे और मखाना बोर्ड जैसी घोषणाएं लंबे समय से उपेक्षित इस क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने का काम करेंगी।