PM Modi Patna Visit : विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार बिहार पहुंचे और इस बार उनका अंदाज़ पहले से बिल्कुल अलग नजर आया। पीएम मोदी ने विपक्षी दलों (राजद और कांग्रेस) पर सीधा हमला बोला और कई मुद्दों पर उन्हें घेरा। अपने संबोधन में उन्होंने विकास, धार्मिक आस्था, सुशासन और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
पीएम मोदी के भाषण की क्या है मुख्य बातें?
छठ पूजा को यूनेस्को सूची में शामिल करने की कोशिश
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार छठ महापर्व को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास में जुटी है। छठ गीतों को विभिन्न भाषाओं में प्रस्तुत करने की प्रतियोगिता कराई जाएगी, और जो गीत जनता को सबसे अधिक पसंद आएंगे, उनके गायक और लेखक को अगले वर्ष सम्मानित किया जाएगा।
विपक्ष पर छठ पूजा के अपमान का आरोप
मोदी ने राजद और कांग्रेस पर छठ पूजा को “ड्रामा” और “नौटंकी” कहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो माताएं निर्जला व्रत रखती हैं और गंगाजी में खड़ी होकर पूजा करती हैं, उनका अपमान बिहार कभी नहीं भूलेगा।
“जंगलराज” और भ्रष्टाचार पर हमला
पीएम ने कहा कि कांग्रेस और राजद की पहचान “कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन” से है। उन्होंने कहा कि इन दलों ने बिहार को वर्षों तक पिछड़ा बनाए रखा, जबकि एनडीए सरकार विकास की दिशा में काम कर रही है।
बिहार में आत्मनिर्भरता की मिसाल
मोदी ने कहा कि अब बिहार मछली, मखाना, फूड प्रोसेसिंग, आईटी पार्क और लेदर क्लस्टर जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। अब बिहार का बेटा पलायन नहीं करेगा, यहीं कमाई और पढ़ाई करेगा।
आर्थिक उन्नति का उदाहरण
उन्होंने बताया कि बिहार में जीएसटी बचत से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है। पिछले साल की तुलना में इस साल अक्टूबर-सितंबर में मोटरसाइकिलों की बिक्री तीन गुना बढ़ी है।
गोलू अपहरण कांड का जिक्र
राजद शासनकाल की याद दिलाते हुए मोदी ने कहा कि “2001 में इसी शहर में एक बच्चे गोलू का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वह दौर अपहरण, हत्या और अपराध का था, यही था असली जंगलराज।”
बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के लीची, मखाना, मगही पान और जर्दालु आम को जीआई टैग दिया गया है। कृषि आधारित उद्योगों और पीएम किसान योजना से किसानों की आमदनी बढ़ी है।
महान नेताओं और साहित्यकारों का सम्मान
उन्होंने बिहार की धरती को राजेंद्र प्रसाद, कृपलानी, फर्नांडीस, बेनीपुरी और दिनकर जैसे महान लोगों की भूमि बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े स्थलों को “पंच तीर्थ” के रूप में विकसित किया है।
महिलाओं को सशक्त करने पर जोर
मोदी ने कहा कि बिहार की 1 करोड़ 30 लाख बहनों के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे गए हैं। यह पैसा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है। एनडीए की सरकार बनी तो और सहायता दी जाएगी।
“दो युवराजों” पर तंज
पीएम ने बिना नाम लिए कांग्रेस और राजद के नेताओं पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज और दूसरा बिहार के भ्रष्ट परिवार का युवराज दोनों झूठे वादों की दुकान चला रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्हें यह बर्दाश्त नहीं कि एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन गया।”
ये भी पढ़े – छठ पर घर गए दारोगा की रहस्यमयी मौत! अरहर के खेत में हाथ-पैर बंधे मिले शव ने खड़ा किया कई सवाल
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण का समापन बिहार के विकास और सम्मान की बात करते हुए किया। उन्होंने कहा कि बिहार आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बनेगा और आने वाले समय में यहां के युवा देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

