Bihar Chief Minister: बिहार की सियासत में एक अहम बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अभी पद नहीं छोड़ा है, लेकिन उनके आधिकारिक आवास ‘एक अणे मार्ग’ से सामान शिफ्ट होने की शुरुआत ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। उनका सामान अब ‘7 सर्कुलर रोड’ स्थित बंगले में ले जाया जा रहा है, जिसे उनके अगले ठिकाने के रूप में तैयार किया गया है।
जमीनी स्तर पर दिखी झलक
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार के हाल ही में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद से ही उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब जमीनी स्तर पर भी इसकी झलक दिखने लगी है। हालांकि, उन्होंने अभी औपचारिक रूप से इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।दिलचस्प बात यह है कि 7 सर्कुलर रोड का यह बंगला नीतीश कुमार के लिए नया नहीं है। साल 2014 में जब उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ा था और सत्ता जीतन राम मांझी को सौंपी थी, तब भी वे इसी आवास में शिफ्ट हुए थे।
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव
बताया जा रहा है कि राज्यसभा जाने की चर्चाओं के साथ ही इस बंगले को फिर से उनके रहने के लिए तैयार कर लिया गया था। अब सामान शिफ्ट होने के साथ यह साफ संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल सबकी नजर इस पर टिकी है कि नीतीश कुमार कब औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं और इसके बाद बिहार की सत्ता किसके हाथों में जाती है।
ये भी पढ़ें: 30 लाख तक कारों पर जीरो टैक्स, दिल्ली में EV पॉलिसी का जारी हुआ ब्लूप्रिंट

