Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है, और इसी के साथ राज्य में सत्ता में मौजूद एनडीए गठबंधन अब अपने अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना जनता के सामने रखने की तैयारी में है। गठबंधन की ओर से जल्द ही एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के रूप में विजन डॉक्यूमेंट जारी किया जाएगा, जिसे “लार्जर विजन फॉर फाइव इयर्स” नाम दिया गया है।
आधारभूत ढांचे पर होगा फोकस
इस विजन डॉक्यूमेंट में बिहार की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया है। सरकार की योजना है कि राज्य में बड़े स्तर पर नई टाउनशिप्स का विकास किया जाए। इसके लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। शुरुआती चरण में पटना के आसपास और अन्य चयनित जिलों में नए टाउनशिप प्रोजेक्ट शुरू किए जाने की संभावना है।
छह लेन सड़कें और नए एयरपोर्ट
अब तक जहां सरकार फोरलेन सड़कों तक सीमित थी, वहीं इस बार एजेंडे में छह लेन की बड़ी सड़कों के निर्माण को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट स्थापित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाने की योजना है। सरकार ऐसे स्थानों की पहचान कर रही है जहां इन एयरपोर्ट्स का विकास संभव हो सके और इसके लिए जमीन की व्यवस्था भी की जाएगी।
औद्योगिक निवेश को मिलेगी प्राथमिकता
विजन डॉक्यूमेंट में बड़े औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत नई औद्योगिक नीति में विशेष प्रावधान जोड़े गए हैं ताकि राज्य में बिग टिकट इंवेस्टमेंट को आकर्षित किया जा सके। उद्योग विभाग का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षो में कई नई औद्योगिक इकाइयों, लॉजिस्टिक पार्कों और आईटी हब्स की स्थापना की जाए।
ये भी पढ़े – पवन सिंह-ज्योति विवाद :बिहार चुनाव में भाजपा की रणनीति पर छाया संकट
सरकार का उद्देश्य है कि नए कौशल प्रशिक्षण मॉडल के माध्यम से युवाओं को बदलती उद्योग आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।
एनडीए का यह विजन डॉक्यूमेंट बिहार (Bihar Election 2025) को एक नई दिशा देने का प्रयास माना जा रहा है, जिसमें बुनियादी ढांचे से लेकर औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन तक हर क्षेत्र में बड़े बदलावों की रूपरेखा शामिल होगी।

