Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले प्रचार का शोर आज शाम थम जाएगा। उससे पहले सभी सियासी दल अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि एनडीए पहले चरण में ही भारी अंतर से जीत दर्ज करेगा।
पहले चरण में NDA को सभी वर्गों का समर्थन
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान में एनडीए को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा रखती है। गरीब से लेकर अमीर, किसान से लेकर नौजवान और महिलाएं सभी एनडीए प्रत्याशियों के साथ हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए की जीत के बाद बिहार में विकास की गति तेज़ की जाएगी। “हमारा लक्ष्य विकसित बिहार बनाना, पलायन पर रोक लगाना, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।”
6 नवंबर को मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा। इनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा शामिल हैं।
पहले चरण में मोकामा, तारापुर, अलीनगर और लखीसराय जैसी सीटों पर सभी की नज़रें टिकी हुई हैं। प्रचार के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी रैलियां कर मतदाताओं से समर्थन की अपील करते नज़र आए।

