होम = State = अखिलेश पर भड़के केशव मौर्य.. ‘न अवध में हरा पाए हैं, न मगध में हरा पाएंगे’ बिहार में NDA की होगी जीत..

अखिलेश पर भड़के केशव मौर्य.. ‘न अवध में हरा पाए हैं, न मगध में हरा पाएंगे’ बिहार में NDA की होगी जीत..

Bihar Election News: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे करीब आ रही हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बिहार चुनाव की आग अब यूपी तक आ पहुंची है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बिहार में बीजेपी हार के दावे पर जोरदार पलटवार किया है। केशव मौर्य ने अखिलेश को चैलेंज देते हुए कहा कि न अवध में हरा पाए थे, न मगध में हरा पाएंगे। अब सैफई जाने की तैयारी कर लें।

अखिलेश ने बीजेपी पर बोला था हमला


बिहार चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्यक्ष रूप से तो मैदान में नहीं उतर रही है, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी की हार का दावा जोरदार तरीके से किया है। लोकसभा चुनाव के बाद अखिलेश ने कहा था कि उत्तर प्रदेश की जनता ने बीजेपी को अवध क्षेत्र में पटखनी दी है। अब बिहार की जनता की बारी है मगध क्षेत्र में भी बीजेपी को करारा झटका लगेगा।

अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए इसे ‘साम्प्रदायिकता और नफरत फैलाने वाली पार्टी’ बताया। उनका कहना था कि यूपी चुनाव में बीजेपी ने इसी तरह नफरत का जहर घोला था, जो अब बिहार में दोहरा रही है।

केशव मौर्य ने किया पलटवार


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के दावे को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव न अवध में हरा पाए थे और न मगध में हरा पाएंगे। उन्हें अब सैफई लौटने की तैयारी कर लेनी चाहिए वही उनका ठिकाना है। मौर्य ने सपा मुखिया पर तंज कसते हुए बीजेपी की मजबूत रणनीति का जिक्र किया।

आपको बता दें, बीजेपी आलाकमान ने मौर्य को बिहार चुनाव का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। वे लगातार एनडीए उम्मीदवारों के प्रचार में जुटे हुए हैं और रोड शो के जरिए विपक्षी दलों आरजेडी, कांग्रेस और सपा पर हमला बोल रहे हैं। केशव मौर्य का मानना है कि बिहार में विकास और एकता की लहर के आगे विपक्ष के दावे हवा-हवाई साबित होंगे और एक बार फिर NDA की सरकार बनेगी।

बंगाल