Bullet train in Bihar : भारत में बुलेट ट्रेन परियोजना की गति तेज होती जा रही है. बिहार में बुलेट ट्रेन के लिए सर्वे कार्य अब पूरा हो चुका है और रिपोर्ट रेल मंत्रालय को सौंप दी गई है. इस परियोजना के तहत दिल्ली से पटना तक बुलेट ट्रेन के सफर को केवल 4 घंटे में पूरा किया जाएगा, जो वर्तमान में करीब 13-14 घंटे में तय होता है.
350 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी ट्रेन
बिहार में बुलेट ट्रेन की रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रा का समय न केवल कम होगा, बल्कि यात्री भी तेज़ और सुरक्षित यात्रा का अनुभव करेंगे. पटना से कोलकाता के बीच बुलेट ट्रेन का सफर महज 2.5 घंटे में पूरा होगा. यह यात्रा विशेष रूप से बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच परिवहन की गति को बढ़ाएगी. दिल्ली से हावड़ा तक बुलेट ट्रेन के माध्यम से यात्री 1669 किलोमीटर की दूरी केवल 6.5 घंटे में तय कर सकेंगे, जो मौजूदा ट्रेनों की तुलना में काफी तेज़ है.
दो चरणों में पूरा होगा परियोजना
बुलेट ट्रेन परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में दिल्ली से वाराणसी तक बुलेट ट्रेन 2029 तक दौड़ने लगेगी. दूसरे चरण में वाराणसी से हावड़ा के बीच बुलेट ट्रेन के ट्रैक का निर्माण होगा, जो पटना से होकर गुज़रेगा.
ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी का अहमदाबाद में भव्य रोड शो, 5,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
5 लाख करोड़ रुपये की परियोजना
परियोजना की कुल लागत करीब 5 लाख करोड़ रुपये निर्धारित की गई है. बिहार में बुलेट ट्रेन का ट्रैक मौजूदा रेल पटरियों के ठीक बगल में स्थापित किया जाएगा, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी सरल होगी. यह परियोजना भारतीय रेल के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है, जो न केवल यात्री सेवाओं को आधुनिक बनाएगी, बल्कि पूरे देश के परिवहन तंत्र में एक नई दिशा भी निर्धारित करेगी.

