होम = State = बिहार = IPS से नेता बने आनंद मिश्रा: आर्मी स्टाइल, युवा जोश और सेवा भाव से क्या बक्सर में खिलेगा ‘कमल’?

IPS से नेता बने आनंद मिश्रा: आर्मी स्टाइल, युवा जोश और सेवा भाव से क्या बक्सर में खिलेगा ‘कमल’?

by | Oct 19, 2025 | बिहार

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बक्सर सीट इस बार सबसे चर्चित मानी जा रही है। यहां से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा पर बड़ा दांव लगाया है। असम-मेघालय कैडर के 2011 बैच के अधिकारी रहे मिश्रा ने राजनीति में आने के लिए पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में बक्सर से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में करीब 50 हजार वोट हासिल कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इसी प्रदर्शन ने BJP नेतृत्व को प्रभावित किया और अब उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है।

जनता और आनंद मिश्रा का जुड़ाव

मिश्रा ने जनता से जुड़ाव के लिए बक्सर-जासो रोड पर “आनंद सेवा केंद्र” की स्थापना की थी, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और शिकायतों के समाधान में मदद की जाती थी। पार्टी टिकट मिलने के बाद उन्होंने इसका नाम बदलकर “कमल सेवा केंद्र” रख दिया। उनका कहना है, “सरकारी योजनाएं जब सही लाभार्थियों तक पहुंचेंगी, तभी समाज में जातिगत दीवारें टूटेंगी। मेरा लक्ष्य यही है कि विकास सबके लिए हो।”

अपने अनोखे व्यक्तित्व और जोश के कारण आनंद मिश्रा युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। जींस-टीशर्ट और आर्मी कट में दिखने वाले मिश्रा का अंदाज़ आम नेताओं से अलग है। वे खुद को ‘युवा सोच वाला जमीनी नेता’ मानते हैं और बाइक राइडिंग व गिटार बजाने के शौक के जरिए युवाओं से सीधा जुड़ाव रखते हैं।

भाजपा मेरा स्वाभाविक घर…

RSS की बाल शाखा से जुड़े रहे मिश्रा कहते हैं, “भाजपा मेरा स्वाभाविक घर है।” हालांकि बक्सर सीट पर उनके सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। पिछले दो चुनावों में बीजेपी यहां हार चुकी है और OBC व SC मतदाताओं के बीच अब भी विभाजन देखा जा रहा है। इसके बावजूद मिश्रा आत्मविश्वास से कहते हैं, “वर्दी की कोई जाति नहीं होती, पहचान अच्छे विचारों की होती है। जनता बदलाव चाहती है और मैं उसी का प्रतीक हूं।” अब देखना यह होगा कि मिश्रा का युवा जोश, सेवा भाव और आर्मी जैसी अनुशासित छवि बक्सर की राजनीति में कमल खिला पाती है या नहीं।

ये भी पढ़े:  दीपावली पर मिट्टी के दीयों से जगमगाएं अपना घर, ताकि कुम्हारों के घरों में भी लौटे खुशियों की रौशनी

Tags : bihar news