होम = State = बिहार = Bihar Election 2025: आरजेडी संसदीय बोर्ड करेगी उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार

Bihar Election 2025: आरजेडी संसदीय बोर्ड करेगी उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार

by | Oct 9, 2025 | बिहार

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने आगामी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। शुक्रवार को दोपहर बाद राबड़ी देवी के आवास पर होने वाली इस बैठक में पार्टी के राज्य और केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जाएगी और अंतिम निर्णय लिया जाएगा।बैठक के बाद तैयार की गई सूची को राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पास भेजा जाएगा। उन्हें उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा करने के लिए अधिकृत किया जाएगा। यह प्रक्रिया महागठबंधन की सीटों के बंटवारे के तहत की जा रही है, जिसमें कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ तालमेल बैठाया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं की लालू से मुलाकात

इस बीच कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता भी बिहार चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए पटना पहुंच रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस के कई नेता पटना आ रहे हैं। वे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में हुई चर्चाओं के बाद पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद  वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस नेताओं की यह मुलाकात महागठबंधन में सीटों के बंटवारे और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर हो रही चर्चा के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी, माले और कांग्रेस के नेता उपमुख्यमंत्री पद की मांग कर रहे हैं, जिससे महागठबंधन में इस मुद्दे पर सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

उपमुख्यमंत्री पद को लेकर महागठबंधन में असहमति

महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बनने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी असहमति बनी हुई है। वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी इस पद की मांग कर रहे हैं, जबकि माले और कांग्रेस भी इसे लेकर दबाव बना रहे हैं। इस स्थिति में, यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो बिहार में दो की बजाय तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं।

ये भी पढ़े :Bihar Election 2025: महागठबंधन में सीट शेयरिंग फाइनल के करीब, तेजस्वी होंगे ‘मुख्यमंत्री चेहरा’!