Bihar Election: बिहार चुनावी माहौल में सियासी बयानबाजी अपने चरम पर है। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरपुर में NDA की जनसभा को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बने तो बिहार में “तीन नए मंत्रालय” खुलेंगे अपहरण मंत्रालय, रंगदारी मंत्रालय और हत्या मंत्रालय। वहीं, शाह ने वादा किया कि अगर NDA सत्ता में आती है, तो बिहार को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए एक विशेष मंत्रालय बनाया जाएगा।
विपक्ष पर जमकर किए वार
अमित शाह ने कहा कि राजद की सरकार लौटने का मतलब है बिहार में फिर से अपराध, अपहरण और खून-खराबे का दौर लौट आना। उन्होंने जनता को चेताया कि लालू-तेजस्वी की जोड़ी बिहार को फिर उसी “जंगलराज” की तरफ ले जाएगी, जहां कानून का डर नहीं बल्कि अपराधियों का राज चलता था। गृह मंत्री ने कहा, “जब राजद की सरकार थी तब प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं थी। डीएम जी. कृष्णैया की सरेआम हत्या हुई थी और आरोपी आज राजनीति में महिमामंडित हो रहे हैं।” उन्होंने कहा कि आज वही लोग भेष बदलकर जनता से वोट मांग रहे हैं, ताकि फिर से वही अराजकता का दौर लाया जा सके।
NDA लाएगा सुरक्षा और विकास
शाह ने आगे कहा कि NDA की सरकार बनने पर बिहार को स्थिरता, सुरक्षा और विकास की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब झूठे वादों से थक चुकी है और इस बार एनडीए की लहर पूरे राज्य में चल रही है। कांग्रेस और राजद पर तीखा प्रहार करते हुए शाह ने कहा, “ये वही दल हैं जो आतंकियों को बिरयानी खिलाते थे, जबकि मोदी सरकार उन्हें उनके घर में घुसकर मारती है।” उन्होंने धारा 370 खत्म करने और पाकिस्तान में हुए ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह “राष्ट्रभक्ति और मजबूत नेतृत्व” का प्रमाण है।
बिहार की सियासत में नया तूफान
सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की “बिहार को दोबारा अंधेरे में न जाने दें। जंगलराज नहीं, विकास का राज चाहिए।”अमित शाह के इस तीखे भाषण ने बिहार की सियासत में नया तूफान खड़ा कर दिया है अब लड़ाई सिर्फ कुर्सी की नहीं, बल्कि बिहार की छवि की हो गई है।
ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब

