Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने गुरुवार को पटना में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान कर दिया। लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में तेजस्वी यादव को चुना गया है, वहीं VIP प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया। इस घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है।
महागठबंधन एकजुट है-
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व CM अशोक गहलोत ने प्रेस वार्ता में कहा कि “महागठबंधन एकजुट है और अब बिहार में बदलाव तय है।” उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर अन्य वर्गों से भी डिप्टी CM बनाए जाएंगे ताकि सभी समुदायों को समान प्रतिनिधित्व मिले। गहलोत ने कहा, “तेजस्वी नौजवान हैं, जो कहते हैं, वो करते हैं। बिहार को एक नई दिशा देने के लिए उनसे बेहतर चेहरा कोई नहीं।”
वहीं, मुकेश सहनी ने कहा कि “हम साढ़े तीन साल से इस वक्त का इंतजार कर रहे थे। भाजपा ने बिहार को बांटने की राजनीति की, अब जनता उन्हें जवाब देगी।” उन्होंने साफ कहा कि “महागठबंधन भाजपा को तोड़े बिना नहीं रुकेगा।

जमकर लगाए आरोप
भाकपा-माले के नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “पिछली बार कुछ सीटों के अंतर से सरकार नहीं बन पाई थी, लेकिन इस बार बिहार तैयार है। छात्र, महिलाएं और किसान सब बदलाव चाहते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने BJP पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार के साथ NDA ने अन्याय किया है। अमित शाह यह क्यों नहीं बता रहे कि नीतीश को सीएम फेस घोषित क्यों नहीं किया गया?” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि BJP बिहार को ठगने में लगी है, जबकि महागठबंधन रोजगार और विकास का वादा निभाएगा।
क्या है संदेश?
उन्होंने ऐलान किया कि “सरकार बनते ही हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलेगी, गैस सिलेंडर ₹500 में मिलेगा, जीविका दीदी को 30 हजार रुपये वेतन और संविदाकर्मियों को स्थायी दर्जा दिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत और मुकेश सहनी के बीच बंद कमरे में लंबी रणनीतिक बैठक हुई। उसके बाद तीनों नेता जब मीडिया के सामने आए, तो संदेश साफ था बिहार में अब महागठबंधन की सरकार बनना तय है।
ये भी पढे – लेफ्टिनेंट कर्नल बने नीरज चोपड़ा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया एथलीट को सम्मानित

