पटना: बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र के चौथे दिन कार्यवाही के दौरान प्रतिपक्ष के सदस्यों ने बिहार सरकार की योजना को लेकर गंभीर सवाल उठाए। बोधगया से विधायक कुमार सर्वजीत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को दिए गए दस हजार रुपये का हिसाब भी मांगा। उन्होंने कहा कि आने वाले सत्र में मुख्यमंत्री को बताना होगा कि इस पैसा का कितना सदुपयोग हुआ है। उन्होंने अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि अध्यक्ष महोदय, सबसे पहले मैं आपको बहुत शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। 56 वर्ष के बाद एक अति पिछड़ा वर्ग का बेटा सदन के अध्यक्ष के पद पर विराजमान हुआ है।
सीएम नीतीश पर कसा तंज
कुमार सर्वजीत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी जब इधर रहते हैं, तो कहते हैं कि बीजेपी देश का संविधान खराब कर देगी। जब उधर चले जाते हैं तो कहते हैं कि हाथ उठाइए। अब हम कौन वाला बात मानें। महोदय मैं आपको चुनाव का अनुभव बता रहा था। इस चुनाव में एक अलग सा अनुभव महसूस हुआ है। हमने पहली बार देखा कि इस चुनाव के दौरान अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में ट्रेनें आईं। आपको प्रचंड बहुमत मिला। इसकी मैं ह्रदय से बधाई देता हूं।
महिला रोजगार योजना का मांगा हिसाब
RJD के बोधगया से निर्वाचित विधायक ने सदन में आगे बोलते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए आपने 10,000 महिलाओं की मजबूती के लिए दिया। इसके लिए भी आपको बधाई देता हूं। लेकिन एक आग्रह है महोदय। जिन महिलाओं को बिहार में दस हजार रुपये मिले। फरवरी के महीने में जब सदन चले तो माननीय मुख्यमंत्री जी ये जरूर बता दें सदन को कि बिहार की कितनी महिलाओं को उस पैसा से सशक्तिकरण मिला है और कितनी मजबूती मिली है। उस दस हजार का उपयोग हुआ है या सदुपयोग हुआ ये बिहार की जनता और बिहार के माननीय सदस्य जानना चाहते हैं।
वोटर लिस्ट गड़बड़ी पर भी उठा सवाल
कुमार सर्वजीत ने आगे कहा कि बिहार में 47 लाख वोटरों का नाम काटा गया, लोग बड़ा हल्ला करते थे। बांग्लादेशी है-बांग्लादेशी है। 47 लाख में एक भी बांग्लादेशी नहीं मिला। अब सत्ता आपको मिली है। सभी चाहते हैं कि बिहार का विकास हो। जब पुत्र की प्राप्ति होती है तो बड़ी उमंग से बेटे का नाम रखा जाता है। उसी नाम से उसे लोग पुकारते हैं।
सदन में अनुपस्थित रहे तेजस्वी
सदन की कार्यवाही के चौथे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी सदस्यों से विकास करने और काम करने के मुद्दे पर हाथ उठवाया। उसके बाद सदन में अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अनुपस्थित हैं। उसके बाद उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से बोधगया के विधायक और माननीय सदस्य कुमार सर्वजीत 12 मिनट तक अपनी बात रखेंगे। इसी दौरान कुमार सर्वजीत ने बिहार सरकार से इस सवाल को किया। उन्होंने नीतीश कुमार की महिला रोजगार योजना की प्रगति पर बातचीत की और कहा कि उन्हें फरवरी में सदन चलने के दौरान बताना होगा कि जो 10 हजार रुपये दिए गए, उसका प्रयोग कहां- कहां किया गया।

