Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग से ठीक छह दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर की धरती से चुनावी बिगुल फूंक दिया। दरभंगा एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत के बाद PM मोदी हेलिकॉप्टर से मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने NDA उम्मीदवारों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
मोदी जैसे ही मंच पर पहुंचे, जनसागर में “मोदी-मोदी” के नारे गूंज उठे। मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी यहां की बोली है। बिहार के मेरे मालिकों, मैं आपका बहुत बड़ा कर्जदार हूं।
भाषण की शुरुआत छठ महापर्व से
PM मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत छठ महापर्व की महिमा से की। उन्होंने कहा कि छठ सिर्फ पर्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है। छठ के गीत सुनकर हर भारतीय भावविभोर हो जाता है। छठी मइया की पूजा में मां की ममता, समता और सामाजिक एकता की झलक मिलती है। इसलिए हमारी सरकार प्रयास कर रही है कि छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल कराया जाए, ताकि पूरी दुनिया इस पर्व के संदेश को जाने।
PM का विपक्ष पर तीखा हमला
इसके बाद PM मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, एक ओर आपका बेटा छठी मइया की जयकार दुनिया भर में कराने में लगा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और राजद के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। जो माताएं निर्जला व्रत रखती हैं, क्या उनके उपवास को ‘ड्रामा’ कहना बर्दाश्त किया जा सकता है? बिहार इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगा। प्रधानमंत्री ने लालू-राज पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा, राजद और कांग्रेस की पहचान पांच चीजों से है- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार। इन लोगों ने बिहार को सिर्फ पिछड़ा बनाया, उद्योगों को खत्म किया और अपराध को पनपाया। गोलू अपहरण कांड जैसे कृत्य बिहार कभी नहीं भूलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए बिहार का विकास अनिवार्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि अब समय आ गया है कि बिहार फिर से सुशासन और स्थिरता की राह पर चले और एनडीए की सरकार को मजबूत करे।
ये भी पढ़े – भारत में Starlink की एंट्री की तैयारी, आज से सिक्योरिटी डेमो की शुरुआत, जानें क्या है और कैसे काम करेगा ?

