Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने राज्य में जोरदार प्रचार किया। 9 नवंबर को उन्होंने अररिया के सिकटी विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखी टिप्पणी की और NDA सरकार को विकास का प्रतीक बताया।
विपक्ष पर कसा तंज
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार का विकास केवल NDA सरकार ही कर सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है, जबकि कांग्रेस और RJD का काम सिर्फ भ्रष्टाचार और दलाली तक सीमित रहा है।
जनसभा में योगी ने राम मंदिर निर्माण और उसे रोकने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “RJD और कांग्रेस ने राम मंदिर रथ यात्रा रोकने की कोशिश की थी। यूपी में उनकी सहयोगी समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोली चलवाई। लेकिन हमनें अयोध्या में राम मंदिर बनवाया। आज वहां भगवान राम, माता जानकी और अन्य देवता विराजमान हैं।”
विपक्ष पर ‘जंगलराज’ का आरोप
सीएम योगी ने RJD के शासनकाल को “जंगलराज” बताया और कहा कि उस दौर में 60 से ज्यादा नरसंहार की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने जनता को चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस और RJD सत्ता में वापस आईं, तो बिहार फिर से अपराध और अराजकता की ओर जाएगा।
उन्होंने याद दिलाया कि 2005 में नीतिश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार बनने के बाद बिहार ने विकास की नई राह पकड़ी। आज राज्य के हर गांव तक सड़कें, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच चुकी हैं।
विकास का प्रतीक – NDA
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का बिहार पहले के अंधकार और भय से भरे राज्य से पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने बताया कि NDA सरकार ने शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया है।
योगी ने जनता से अपील की कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए जंगलराज नहीं, विकासराज चुनें। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे वही लोग हैं जिन्होंने देश की आस्था का अपमान किया, और अब बिहार में अस्थिरता लाने की कोशिश कर रहे हैं।

