होम = State = बिहार = छठ में सियासत का सूरज: पीएम मोदी की शुभकामनाओं से लेकर राहुल-लालू के हमलों तक गरमाया बिहार

छठ में सियासत का सूरज: पीएम मोदी की शुभकामनाओं से लेकर राहुल-लालू के हमलों तक गरमाया बिहार

by | Oct 25, 2025 | बिहार

Chhath Pooja: लोक आस्था के सबसे बड़े पर्व छठ महापर्व की शुरुआत के साथ ही बिहार में राजनीति का तापमान भी बढ़ गया है। एक ओर जहां श्रद्धालु घाटों पर सूर्य उपासना की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं नेताओं ने इस अवसर पर अपने-अपने अंदाज में जनता तक संदेश पहुंचाने का मौका नहीं छोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा, नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है। बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सादगी, संयम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने इसे आस्था, प्रकृति और सामूहिकता का अद्भुत संगम बताया।

छठ के संग सियासत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खगड़िया से बिहारवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे छठी मइया से प्रार्थना करते हैं कि बिहार जंगलराज से मुक्त रहे और राज्य विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़े। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोजपुरी में संदेश दिया- रउवा सब पर छठी मइया के कृपा बनल रहे… जय छठी मइया।

धार्मिक उत्सव के बीच सियासी तीर

लेकिन इस धार्मिक उत्सव के बीच सियासी तीर भी चलने लगे। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार लौटना अब एक संघर्ष बन चुका है। ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, टिकट मिलना मुश्किल है, सफर अमानवीय हो गया है। कहां हैं वे 12,000 स्पेशल ट्रेनें जिनका वादा किया गया था? इसी मुद्दे को आगे बढ़ाते हुए लालू प्रसाद यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, बिहारवासियों को ट्रेनों में अमानवीय परिस्थितियों में यात्रा करनी पड़ रही है। हर साल लाखों लोग पलायन करने को मजबूर हैं और डबल इंजन सरकार सिर्फ वादे करती है।

आरोप-प्रत्यारोप की उठी लहरें

पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विपक्ष को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, छठ पर्व एकता और पवित्रता का प्रतीक है। RJD के शासनकाल में कितने उद्योग लगे, जनता जानती है। NDA सरकार ही बिहार को विकास की नई राह पर ले जा रही है। एक ओर घाटों पर श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में हैं, तो दूसरी ओर सियासी गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप की लहरें उठ रही हैं। छठ का यह पर्व इस बार आस्था के साथ सियासत का संगम भी बन गया है।

ये भी पढ़े – देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

Tags : bihar news