होम = State = बिहार = कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़, कालका-हावड़ा एक्सप्रेस से 11 बड़े कछुए बरामद

कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़, कालका-हावड़ा एक्सप्रेस से 11 बड़े कछुए बरामद

by | Sep 21, 2025 | बिहार

Bihar News : गयाजी रेलवे स्टेशन पर कालका-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन से कछुओं की तस्करी का खुलासा हुआ है। रविवार को प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची इस ट्रेन के जनरल बोगी में चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तीन पिट्ठू बैग बरामद किए। जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 11 बड़े जीवित कछुए मिले।

सघन जांच में हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार, कालका-हावड़ा एक्सप्रेस जैसे ही गया जंक्शन पहुंची, आरपीएफ ने ट्रेन के सभी डिब्बों में सघन जांच शुरू की। इसी दौरान जनरल कोच में संदिग्ध हालत में तीन पिट्ठू बैग रखे पाए गए। जब यात्रियों से उन बैगों के मालिक के बारे में पूछा गया तो किसी ने भी अपनी संलिप्तता से इनकार कर दिया।

बैग से मिले 11 जीवित कछुए

बाद में जब बैग खोले गए तो उनमें से 11 बड़े आकार के कछुए जीवित अवस्था में पाए गए। सभी कछुओं को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया और मामले की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।

तस्कर फरार, जांच जारी

बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गया। वहीं, आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने मामले की जानकारी वन विभाग की टीम को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बरामद कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई

अधिकारियों का कहना है कि कछुओं की तस्करी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। बरामद कछुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा और मामले में फरार तस्कर की तलाश जारी है।

ये भी पढ़े : Navratri 2025 : सेंधा नमक और सफेद नमक; सेहत के लिहाज से कौन है बेहतर ?

Tags : bihar news

बंगाल