Bihar Elections: बिहार चुनाव से पहले एनडीए के नेताओं ने एक सुर में कहना शुरू कर दिया कि उनके गठबंधन में नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री चेहरा रहेंगे। जिसके बाद से ये ऐलान चारों तरफ सुर्खियां बटौर रहा है। वहीं गुरुवार को छपरा में सीएम नीतीश कुमार के मंच से एनडीए के दिग्गज नेताओं ने साफ कह दिया कि उनकी तरफ से सीएम का फेस नीतीश कुमार ही रहेंगे।
महागठबंधन ने किए थे सवाल
बता दें कि आज पटना में महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान अशोक गहलोत के अलावा, तेजस्वी यादव और कई बड़े नेताओं ने भी एनडीए को घेरा था, साथ ही सवाल किया था, कि उनका सीएम फेस कौन होगा? महागठबंधन के इस सावल के बाद ही NDA हरकत में आ गई, और मौके की नजाकत को देखते हुए, एनडीए के नेताओं ने एक सुर में नीतीश कुमार का समर्थन कर दिया।
नीतीश कुमार का आज सारण के दरियापुर में चुनावी दौरा था, तो बस मौका देखते हुए एनडीए के बड़े नेताओं ने महागठबंधन की चुनौती को गंभीरता से लिया और उनके सवालों का करारा जवाब दिया। जानकारी के लिए बता दें कि इस पूरे ऐलान की शुरुआत किसी और ने नहीं बल्कि बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने की थी।
राजीव प्रताप रूढ़ी ने किया ऐलान
राजीव प्रताप रूढ़ी ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि महागठबंधन ने बहुत संघर्ष के बाद तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। लेकिन, इसका कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि बिहार की जनता को तय करना है कि वे नीतीश जी को चुनेगी या दूसरी तरफ राहुल गांधी या लालू यादव जैसे नेताओं को। नीतीश जी ने कभी परिवारवाद नहीं किया और बिहार की जनता को उन पर बहुत भरोसा है। उनके नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। बिहार से जिन्हें जाना था, वे चले गए और अब लोग बिहार वापस लौट रहे हैं।
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि आज बिहार टेक ऑफ करने की ओर तेजी से अग्रसर है और नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार को आसमान छूना है। मैं पूरे दावे के साथ कह रहा हूं कि नीतीश जी बिहार के मुख्यमंत्री थे, मुख्यमंत्री हैं और बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं जब राजीव प्रताप रूढ़ी ये बोल रहे थे, तब नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए उनकी बातें सुन रहे थे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी कही मन की बात
राजीव के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी नीतीश कुमार की तारीफ के पुल बांधे, उन्होंने कहा कि नीतीश जी ने बिहार को कहां से कहां तक पहुंचाया है।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार आगे भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। मैं साफ-साफ कहता हूं कि नीतीश जी मुख्यमंत्री हैं, मुख्यमंत्री थे और आगे भी मुख्यमंत्री रहेंगे। नीतीश जी अपने बेटे को भी राजनीति में नहीं लेकर आए, जबकि दूसरी तरफ लालू यादव और गांधी परिवार ने अपने परिवार के लोगों को राजनीति में लाकर परिवारवाद किया। नीतीश कुमार बिहार के ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने बेटे या परिवार के किसी सदस्य को राजनीति में नहीं लाया।
ये भी पढें: बिहार चुनाव में राजद को झटका : पूर्व प्रत्याशी अच्छेलाल यादव ने फूंका बगावत का बिगुल, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव
वहीं मंच पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पटना में घोषणा हुई कि महागठबंधन में मुख्यमंत्री उम्मीदवार कौन होगा, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं है क्योंकि बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी ही नहीं है, जिन्हें महागठबंधन का उम्मीदवार बनाया गया, उन पर कोर्ट में भ्रष्टाचार का मामला चल रहा है। वहीं नीतीश जी 20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। बिहार की जनता को एक बड़ा मौका मिला है। अगर नीतीश जी को एक और मौका मिलेगा तो बिहार आने वाले पांच साल में देश के अव्वल राज्यों में शामिल होगा।

