होम = State = बिहार = Bihar Election 2025 : पहले चरण में RJD-JDU की सबसे ज्यादा सीटें दांव पर, 121 सीटों पर होगा संग्राम

Bihar Election 2025 : पहले चरण में RJD-JDU की सबसे ज्यादा सीटें दांव पर, 121 सीटों पर होगा संग्राम

Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण 6 नवंबर को होने जा रहा है। इस चरण में राज्य के 18 जिलों की कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब तक 1,698 उम्मीदवारों ने अलग-अलग दलों और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा है। वहीं, नाम वापसी की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर तय की गई है।

इस चरण में सबसे ज़्यादा दांव पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनता दल (यू) की सीटें हैं, जो सीधे तौर पर चुनावी संघर्ष में हैं। महागठबंधन की ओर से राजद ने 71, कांग्रेस ने 25, भाकपा (माले) ने 13, VIP और CPI ने छह-छह तथा CPM और IIP ने दो-दो उम्मीदवार उतारे हैं। दूसरी ओर, NDA की तरफ से JDU ने 57, भाजपा ने 48, लोजपा (रामविलास) ने 14 और रालोमो ने दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

कई सीटों पर सीधा मुकाबला

पहले चरण में 36 सीटों पर RJD और JDU के उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर है। वहीं, RJD और भाजपा के बीच 23 सीटों, कांग्रेस और भाजपा के बीच भी 23 सीटों पर मुकाबला है। इसके अलावा, कांग्रेस और जदयू 12 सीटों पर आमने-सामने हैं। चिराग पासवान और तेजस्वी यादव के बीच सीधा संघर्ष 10 सीटों पर रहेगा। पहले यह संख्या 11 थी, लेकिन मढ़ौरा सीट से लोजपा (राम) प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द हो जाने से यह घटकर 10 रह गई है।

VIP 6 सीटों से लड़ेगी चुनाव

महागठबंधन में शामिल मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) इस चरण में छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें से चार सीटों पर उसका मुकाबला भाजपा से, जबकि दो सीटों पर जदयू से होगा।

पहले चरण में कई बड़े नेताओं की साख दांव पर

तेजस्वी यादव (राजद) – राघोपुर से
पवन सिंह (राजद) – छपरा से
विजय कुमार सिन्हा (भाजपा) – लखीसराय से
सम्राट चौधरी (भाजपा) – तारापुर से
मंगल पांडेय (भाजपा) – सीवान से
जिवेश मिश्रा (भाजपा) – जाले से
संजय सरावगी (भाजपा) – दरभंगा सदर से
नितिन नवीन (भाजपा) – बांकीपुर से
मैथिली ठाकुर (भाजपा) – अलीनगर से, जहां उनका मुकाबला पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा से है
विजय कुमार चौधरी (जदयू) – सरायगंज से
महेश्वर हजारी (जदयू) – कल्याणपुर से

ये भी पढ़ेबिहार में माले का बिगुल! 20 उम्मीदवारों के साथ शुरू हुआ चुनावी अभियान

इस बार का पहला चरण राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष, दोनों की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। कौन आगे निकलेगा और किसकी रणनीति काम आएगी, यह 6 नवंबर के मतदान और बाद में आने वाले नतीजों से तय होगा।

बंगाल