Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि ‘इंडिया गठबंधन’ यानी महागठबंधन में अभी तक सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति नहीं बनी है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
CPI की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि पार्टी ने तेघड़ा से रामरतन सिंह, बखरी (सु.) से सूर्यकान्त पासवान, बछवाड़ा से अवधेश कुमार राय, बांका से संजय कुमार, हरलाखी से राकेश कुमार पांडे, और झंझारपुर से राम नारायण यादव को आधिकारिक रूप से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इन सभी को पार्टी का चुनाव चिह्न देने का निर्णय भी लिया गया है।
दूसरी सूची पर चल रही तैयारी
पत्र में यह भी उल्लेख है कि पार्टी जल्द ही गोह, करगहर, बेलदौर, बिहारशरीफ, राजापाकर (सु.), केसरिया, चनपटिया और विक्रम विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। बशर्ते गठबंधन में इन सीटों को लेकर सहमति बनती है।

6 से ज्यादा सीटों पर दावेदारी
2020 के चुनावों में CPI ने 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था और दो पर जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी की योजना इससे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की है। पहली सूची में जहां 6 उम्मीदवारों के नाम हैं, वहीं दूसरी सूची के लिए 8 सीटों पर निगाहें टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे गठबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति भी मान रहे हैं।
2020 के विधानसभा चुनावों में वाम दलों में सबसे बेहतर प्रदर्शन CPI-ML ने किया था, जिसने 19 में से 12 सीटें जीती थीं। वहीं CPI और CPM ने मिलकर 4 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार भी गठबंधन में सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन CPI ने एकतरफा उम्मीदवार घोषित कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का संकेत दे दिया है।
ये भी पढे़– Bihar News: BJP में हलचल, टिकट कटते ही बोले नंदकिशोर यादव ‘कभी नहीं भूलूंगा’
हरलाखी में विरासत की राजनीति
हरलाखी सीट से पूर्व विधायक और CPI के राज्य सचिव राम नरेश पांडे के पुत्र राकेश कुमार पांडे को प्रत्याशी बनाया गया है, जो इस सीट पर पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। वहीं झंझारपुर से अनुभवी नेता राम नारायण यादव को दोबारा मैदान में उतारा गया है।

