Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे तारीखें नजदीक आ रही हैं, नेताओं के दौरे और जनसभाएं तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पटना पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। योगी ने दानापुर में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “राजद और कांग्रेस की राजनीति सिर्फ परिवार तक सीमित है, जबकि एनडीए जनता के कल्याण के लिए समर्पित है।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का रिश्ता केवल सीमाओं का नहीं, बल्कि संस्कृति, भावना और आस्था का है। यह संबंध भगवान राम और माता सीता की तरह अटूट है।
आदित्यनाथ ने संबोधन में नीतीश की सरहाना की
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार के विकास कार्यो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षो में एनडीए सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है। “2005 से पहले बिहार की क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन अब राज्य विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है,” उन्होंने जोड़ा।
योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “राजद और उसके सहयोगी पहले अराजकता फैलाते थे। उत्तर प्रदेश में सपा जैसे लोग माफियाओं को संरक्षण देते थे, लेकिन आज वे सब जहन्नुम की यात्रा पर हैं।” दानापुर में सभा के बाद योगी आदित्यनाथ सहरसा के लिए रवाना हो गए, जहां वे भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दानापुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष योजना तैयार की गई है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश
योगी के आगमन से पटना और सहरसा में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे शहर को भगवा झंडों और पोस्टरों से सजा दिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का यह दौरा पार्टी के लिए शक्ति प्रदर्शन साबित होगा और कार्यकर्ताओं में नया जोश भर देगा।
दानापुर सीट पर कांटे की टक्कर
दानापुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने यहां से रामकृपाल यादव को टिकट दिया है, जबकि राजद ने एक बार फिर रीतलाल यादव को मैदान में उतारा है। पिछली बार रीतलाल ने भाजपा की आशा सिन्हा को हराया था। इस बार टिकट कटने से नाराज आशा सिन्हा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है, जिससे मुकाबला और त्रिकोणीय हो गया है।
ये भी पढ़े – JDU Candidate List : जदयू ने जारी की दूसरी उम्मीदवारों की सूची, 44 सीटों पर उम्मीदवार उतारे
योगी आदित्यनाथ की इस सभा को भाजपा के लिए मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि योगी का करिश्मा और उनकी सख्त छवि बिहार में भाजपा के अभियान को नई ऊर्जा दे सकती है।

