Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले NDA गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर जारी चर्चाओं के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली में गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि गठबंधन के साथ बातचीत अभी भी जारी है और सभी दल मिलकर अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “गठबंधन के अंदर चर्चा चल रही है। मैं मंत्री भी हूं, इसलिए मंत्रालय से जुड़ी जिम्मेदारियां भी हैं, जिन्हें निभाना जरूरी है। इसी सिलसिले में मैं अपने विभाग के कामकाज की समीक्षा के लिए जा रहा हूं।”
इस बयान से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि चिराग पासवान फिलहाल सीट बंटवारे को लेकर जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहते और सरकारी कार्यो पर भी समान ध्यान दे रहे हैं।
#WATCH दिल्ली: सीटों के बंटवारे को लेकर LJP(R) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "बातचीत चल रही है। ऐसे में मेरे ऊपर और भी जिम्मेदारियां हैं। जब तक मैं मंत्री हूं तब तक मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है। फिलहाल मैं उसे देखने जा रहा हूं।" pic.twitter.com/PZxx8Qx8JR
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 9, 2025
भाजपा ने बनाई विशेष टीम
वहीं, सीट बंटवारे को लेकर NDA में सहमति बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। भाजपा नेतृत्व ने चिराग पासवान से बातचीत की। मतभेद सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी है। दोनों नेताओं को जल्द ही चिराग पासवान से मुलाकात कर गठबंधन के भीतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
अंतिम चरण में पहुंची बातचीत
सूत्रों के अनुसार, NDA के घटक दलों के बीच सीटों पर सहमति लगभग तय हो चुकी है, बस कुछ सीटों को लेकर राय-मशविरा बाकी है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में सीटों की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
राजनीतिक हलकों में चिराग पासवान (Bihar Election 2025) का यह संतुलित रुख गठबंधन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, क्योंकि वे न केवल अपनी पार्टी की भूमिका को मजबूत करने में लगे हैं, बल्कि केंद्र में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।

