Chandan Mishra Murder Case: पटना के पारस अस्पताल में दिनदहाड़े हुए गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन पर बड़ी कार्रवाई की है. मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में शास्त्रीनगर थाना के दो दरोगा, दो सहायक दरोगा और दो सिपाहियों को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
कोलकाता से तीन आरोपी दबोचे गए
ज्ञात हो कि इस हत्याकांड की जांच में जुटी पटना पुलिस को भी एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पटना पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार तड़के कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी एक आवासीय परिसर में छिपे हुए थे.
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इनका संबंध कुख्यात शेरू गैंग से है. इसी गैंग ने चंदन मिश्रा की हत्या की सुपारी दी थी. मामले की जांच में बिहार और बंगाल की STF की टीम भी सक्रिय रूप से शामिल है.
जेल से रची गई थी साजिश?
वहीं इस हत्याकांड ने एक बार फिर बिहार की जेलों में सक्रिय गैंगस्टर्स और सुरक्षा तंत्र की कमजोरी को उजागर कर दिया है. जांच में अब तक मिले संकेतों के अनुसार, चंदन मिश्रा की हत्या की साजिश जेल के अंदर से रची गई थी. पुलिस अब हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि अपराधियों के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
ये भी पढ़ें : 6 महीने में 9 बड़े कारोबारियों की हत्या, क्या बिहार में लौट रहा जंगलराज…!
बता दें कि बीते दिनों पटना के पारस अस्पताल में दिनदहाड़े गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या कर दी गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब इस मामले में संवेदनशीलता और बढ़ते जनदबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन तेजी से कार्रवाई कर रहा है.उधर बीते कुछ दिनों में राज्य में हत्या मामलों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिला है. जिसको लेकर विपक्ष सरकार पर हमलाबर है.

