LJP Candidate List: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सियासी सरगर्मी चरम पर है। BJP और JDU के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने बुधवार को कुल 14 प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई। इस सूची की खास बात यह है कि इसमें उनके भांजे सीमांत मृणाल को भी टिकट दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, NDA गठबंधन में LJP (रामविलास) को कुल 29 सीटें मिली हैं। हालांकि, इनमें से कुछ सीटों को लेकर JDU और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के साथ मतभेद बने हुए हैं। इन विवादों को सुलझाने की जिम्मेदारी भाजपा ने अपने ऊपर ली है, ताकि गठबंधन के भीतर तालमेल बना रहे।
लिस्ट मे सबसे पहले कौन?
पहली लिस्ट में सबसे ऊपर चिराग पासवान के करीबी और पार्टी के वरिष्ठ नेता राजू तिवारी का नाम शामिल है। उन्हें पूर्वी चंपारण जिले की गोविंदगंज सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यह सीट पिछली बार भाजपा के खाते में थी, जहां से भाजपा नेता सुनील मणि तिवारी ने करीब 27 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बार सीट का बंटवारा बदल गया है और इसे LJP (रामविलास) को दिया गया है।
लिस्ट में सीमांत मृणाल को शामिल किए जाने को चिराग पासवान के पारिवारिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है। सीमांत मृणाल पिछले कुछ वर्षों से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और चिराग के भरोसेमंद माने जाते हैं।
JDU मे महिलाओं का स्थान
वहीं, दूसरी ओर JDU ने भी अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 57 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें 30 नए चेहरे शामिल हैं। शेष 27 उम्मीदवारों को दोबारा मौका दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि JDU ने अपनी इस लिस्ट में केवल चार महिलाओं को टिकट दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने तीन बाहुबलियों अमरेंद्र सिंह, धूमल सिंह और अनंत सिंह को भी मैदान में उतारा है।
बिहार की राजनीति में इस बार चिराग पासवान और नीतीश कुमार के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है। जहां एक ओर JDU अपनी परंपरागत वोटबैंक को बचाने की कोशिश में है, वहीं चिराग पासवान अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत को और मजबूत करने के मिशन में जुटे हैं।
ये भी पढ़े: पाकिस्तान-तालिबान के बीच भिड़ंत, रातभर गूंजती रहीं गोलियों की आवाज, चौकियां तबाह, टैंक उड़ाया गया

