Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी बदलने का पाला वाला खेल जारी है। पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले, 5 नवंबर 2025 को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार संजय सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस कदम से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है।
मुंगेर में BJP में शामिल हुए संजय सिंह
संजय सिंह मुंगेर से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार थे। बुधवार को मुंगेर में एक छोटे समारोह के दौरान उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। मुंगेर बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी चेतन कुमार ने इसकी पुष्टि की।
पीएम मोदी और नीतीश कुमार की तारीफ की
बीजेपी में शामिल होने के बाद संजय सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्हें “विकास पुरुष” बताया। संजय सिंह ने कहा कि देश और बिहार के सर्वांगीण विकास का एकमात्र विकल्प एनडीए है और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला नेतृत्व केवल मोदी और नीतीश के पास है।
मुंगेर में पहले चरण का मतदान
बता दें कि पहले चरण के चुनाव में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। मुंगेर में तीन सीटें हैं- मुंगेर, जमालपुर और तारापुर। मुंगेर से बीजेपी ने कुमार प्रणय को उम्मीदवार बनाया है। सदस्यता लेते ही संजय सिंह ने खुलकर कुमार प्रणय का समर्थन किया। इस कदम के बाद मुंगेर में बीजेपी की जीत की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। अब यह देखना होगा कि इस कदम पर जन सुराज पार्टी और प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया क्या होगी।
ये भी पढ़े : मिर्जापुर में ट्रेन हादसा : गंगा स्नान के लिए जा रहे 6 श्रद्धालु ट्रेन की चपेट में आए, सभी की दर्दनाक मौत

