होम = खेल = भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच में टीम इंडिया कर सकती है विरोध,बड़ी रिपोर्ट आई सामने

भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच में टीम इंडिया कर सकती है विरोध,बड़ी रिपोर्ट आई सामने

by | Sep 14, 2025 | खेल

Asia Cup : एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में आज, 14 सितंबर को होने वाले लीग मैच को लेकर एक नई हलचल सामने आई है. पिछले एक दशक से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन नहीं हुआ है, लेकिन एसीसी और आईसीसी टूर्नामेंट्स में इनकी भिड़ंत जारी रही है. भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर हमेशा से दर्शकों के बीच एक विशेष उत्साह रहा है, लेकिन इस बार कुछ अलग ही देखने को मिल सकता है.

सरकार और बोर्ड के खिलाफ क्रिकेट प्रेमियों का गुस्सा

फैंस के बीच गुस्से का माहौल है और कई क्रिकेट प्रेमी इस मैच का बॉयकॉट करने की बात कर रहे हैं. इसकी वजह हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को बताया जा रहा है, जिसके बाद से भारत में यह आवाज उठ रही है कि पाकिस्तान से हर तरह के रिश्ते खत्म किए जाने चाहिए, जिनमें क्रिकेट भी शामिल है. भारत सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि द्विपक्षीय सीरीज किसी भी खेल में आयोजित नहीं की जाएगी, लेकिन मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से रोका नहीं जा सकता. हालांकि, भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का गुस्सा अब बीसीसीआई के खिलाफ खुलकर सामने आ रहा है.

टीम इंडिया कर सकती है सांकेतिक विरोध

इस बीच एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक,भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच से पहले सांकेतिक विरोध करने पर विचार कर रहे हैं. टीम इंडिया के सदस्य हेड कोच गौतम गंभीर से इस बारे में चर्चा कर चुके हैं, लेकिन गंभीर ने खिलाड़ियों को यह सलाह दी है कि उन्हें अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह मैच दुबई में हो रहा है, और फैंस इसके परिणामों पर ज्यादा असर नहीं डाल सकते.

ये भी पढ़ें : भारत क्यों नहीं कर रहा पाकिस्तान के खिलाफ टी20 मैच का बहिष्कार ? सरकार के मंत्रियों की क्या है राय…

हालांकि, मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की ओर से कुछ ‘सांकेतिक विरोध’ प्रदर्शन संभव है. इसमें पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने, काली पट्टी पहनने, या अन्य तरीकों से विरोध जताने के संकेत मिल रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और टीम इंडिया के खिलाड़ी इस मैच को एक ऐसा मंच मान रहे हैं, जिसके माध्यम से वे दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत के नागरिक पाकिस्तान के प्रति अपनी भावनाओं को कैसे देखते हैं.

Tags : Asia Cup