Asia Cup : एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनी भारतीय टीम को पूरे देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास अंदाज़ में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी थीं और मुकाबले की तुलना ऑपरेशन सिंदूर से की थी। पीएम के इस ट्वीट पर अब भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्या कहा सूर्यकुमार ने?
सूर्यकुमार ने कहा, “जब देश का लीडर फ्रंट फुट पर बल्लेबाजी करता है तो बहुत अच्छा लगता है। यह वैसा ही है जैसे वह खुद मैदान में उतरकर स्ट्राइक ले रहे हों और रन बना रहे हों। ऐसे में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है। जब सर सामने खड़े हों तो खिलाड़ी भी खुलकर खेलते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा
गौरतलब है कि रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से मात दी थी। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा था, “खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर… और यहां भी नतीजा वही भारत की जीत। टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को ढेर सारी बधाई।”
मोदी के इस संदेश ने क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ खिलाड़ियों के मनोबल को भी और ऊंचा कर दिया। कप्तान सूर्यकुमार ने इसे खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह दिखाता है कि देश का नेतृत्व भी खेल की जीत को उतना ही महत्व देता है, जितना मैदान में खिलाड़ी मेहनत करते हैं।
ये भी पढ़े – IND vs PAK Final : ट्रॉफी विवाद में घिरा पाकिस्तान, BCCI ने लगाया बड़ा आरोप
एशिया कप (Asia Cup) की यह जीत केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे देश में उत्सव का माहौल बना दिया और खेल एवं देशभक्ति की भावना को एक साथ जोड़ दिया।

