होम = खेल = क्रिकेट = Shreyas Iyer : श्रेयस अय्यर ICU में भर्ती, तिल्ली में चोट की पुष्टि- BCCI ने दी स्वास्थ्य पर अपडेट

Shreyas Iyer : श्रेयस अय्यर ICU में भर्ती, तिल्ली में चोट की पुष्टि- BCCI ने दी स्वास्थ्य पर अपडेट

Shreyas Iyer : भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए गंभीर रूप से चोटिल हो गए। उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

BCCI ने बताया श्रेयस को बाई पसली पर चोट लगी

BCCI ने सोमवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में बताया कि श्रेयस को बाई पसली के नीचे के हिस्से में गहरी चोट आई है। जांच के बाद डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी तिल्ली (Spleen) को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) हो रहा था।

बोर्ड ने कहा कि “श्रेयस अय्यर को आगे की मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं। BCCI की मेडिकल टीम सिडनी और भारत, दोनों जगहों के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ मिलकर उनकी स्थिति की करीबी निगरानी कर रही है।”

डॉक्टर लगातार उनके साथ रहेंगे

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि टीम के डॉक्टर श्रेयस की दैनिक स्वास्थ्य रिपोर्ट का आकलन करने के लिए सिडनी में ही रहेंगे। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, अय्यर को अगले दो से सात दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा, ताकि रक्तस्राव से किसी प्रकार के संक्रमण का खतरा न बढ़े।

मैदान पर ऐसे लगी थी चोट

यह हादसा उस वक्त हुआ जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने हर्षित राणा की गेंद पर ऊंचा शॉट खेला। बैकवर्ड प्वॉइंट पर तैनात अय्यर ने दौड़ लगाकर शानदार कैच लपक लिया, लेकिन उसी दौरान वह जोर से जमीन पर गिरे और उनकी बाईं पसलियों पर जोरदार चोट लगी। दर्द के कारण उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।

परिवार भी पहुंचेगा सिडनी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रेयस के माता-पिता उन्हें देखने जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकते हैं। उन्होंने इसके लिए आपात वीज़ा आवेदन किया है। डॉक्टरों के अनुसार, श्रेयस को कम से कम एक सप्ताह तक अस्पताल में रहना होगा, उसके बाद ही उनकी भारत वापसी पर निर्णय लिया जाएगा।

ये भी पढ़े – Women World Cup 2025 : इन 4 टीमों के बीच होगी सेमीफाइनल में टक्कर, इतने बजे से शुरू होंगे मुकाबले

फिलहाल, अय्यर भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो 29 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है। BCCI ने उम्मीद जताई है कि अय्यर जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर मैदान पर लौटेंगे।

बंगाल