होम = खेल = क्रिकेट = राहुल द्रविड़ को मिलेगा सबसे बड़ा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, BCCI नमन अवॉर्ड्स में दिग्गजों का होगा सम्मान

राहुल द्रविड़ को मिलेगा सबसे बड़ा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, BCCI नमन अवॉर्ड्स में दिग्गजों का होगा सम्मान

BCCI Naman Awards 2026: भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों को सम्मानित करने के लिए आयोजित होने वाले BCCI Naman Awards 2026 में इस बार कई बड़े नामों को सम्मान मिलने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी Board of Control for Cricket in India (BCCI) ने घोषणा की है कि भारतीय क्रिकेट के तीन दिग्गज- राहुल द्रविड़, मिताली राज और रोजर बिन्नी को इस साल लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली में रविवार को होने वाले इस समारोह में भारतीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मिलेगा सर्वोच्च सम्मान

BCCI के मुताबिक, राहुल द्रविड़ और रोजर बिन्नी को प्रतिष्ठित Colonel सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड (C. K. Nayudu Lifetime Achievement Award) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में असाधारण योगदान देने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है और इसे BCCI का सर्वोच्च व्यक्तिगत पुरस्कार माना जाता है। द्रविड़ ने खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जबकि बिन्नी 1983 विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे और बाद में क्रिकेट प्रशासन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महिला क्रिकेट के लिए खास सम्मान

भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने वाली दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज को BCCI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड फॉर विमेन से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार भारत में महिला क्रिकेट के विकास और उसे वैश्विक मंच पर स्थापित करने में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया जा रहा है।

साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सीज़न के लिए पोली उमरीगर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें “बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (पुरुष)” के रूप में दिया जाएगा। गिल को यह सम्मान दूसरी बार मिल रहा है। वहीं भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को अपने शानदार प्रदर्शन के लिए पांचवीं बार “बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (महिला)” का अवॉर्ड मिलेगा।

घरेलू क्रिकेट के सितारों को भी मिलेगा सम्मान

घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी नमन अवॉर्ड्स में सम्मानित किया जाएगा। मुंबई की युवा खिलाड़ी इरा जाधव को “बेस्ट महिला घरेलू क्रिकेटर” के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी। हरियाणा की आक्रामक बल्लेबाज शैफाली वर्मा को सीनियर महिला वनडे घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए इसी ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

ऑलराउंडर्स को भी मिलेगा खास अवॉर्ड

घरेलू लिमिटेड ओवर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले मुंबई के आयुष म्हात्रे को लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं रणजी ट्रॉफी में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विदर्भ के हर्ष दुबे को भी इसी अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का दबदबा

इस सीज़न में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए Mumbai Cricket Association को “बेस्ट परफॉर्मेंस इन BCCI डोमेस्टिक टूर्नामेंट्स” का पुरस्कार दिया जाएगा। मुंबई की टीम ने इस सीज़न में चार ट्रॉफियां जीतीं और दो प्रतियोगिताओं में उपविजेता रही।

क्रिकेट सितारों से सजेगा दिल्ली का मंच

दिल्ली में होने वाले BCCI Naman Awards समारोह में भारतीय क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ी, पूर्व दिग्गज और अधिकारी शामिल होंगे। यह समारोह भारतीय क्रिकेट में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करने का सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है।

ये भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच राहत! होर्मुज से सुरक्षित निकले भारतीय LPG जहाज शिवालिक और नंदा देवी

बंगाल