Ajinkya Rahane KKR Captaincy: IPL का 19वां सीजन शुरू होने में अब बस कुछ ही सप्ताह बचे हैं और इसी बीच सोशल मीडिया पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान अजिंक्य रहाणे के इस्तीफे को लेकर एक जोरदार अफवाह फैल गई। दावा किया जा रहा था कि रहाणे ने टीम की कप्तानी छोड़ दी है, लेकिन जांच में यह पूरी तरह फर्जी साबित हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक अकाउंट से रहाणे का कथित बयान पोस्ट किया गया, जिसमें कहा गया कि “कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात रही, लेकिन अब नया सीजन आ रहा है और समय है कि नए लीडर को अवसर मिले। इसलिए मैंने कप्तानी जारी नहीं रखने का फैसला किया है।” इस पोस्ट में 12 मार्च 2026 की तारीख भी लिखी हुई थी।
बयान का सच क्या है?
जांच में सामने आया कि न तो रहाणे ने ऐसा कोई बयान दिया और न ही KKR ने कप्तानी परिवर्तन की घोषणा की है। रहाणे के सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की समीक्षा करने पर यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया। दरअसल, यह फेक पोस्ट पिछले साल रहाणे द्वारा मुंबई की घरेलू टीम की कप्तानी छोड़ने के बयान को एडिट कर तैयार किया गया था। बस इसमें ‘मुंबई’ की जगह ‘KKR’ लिख दी गई थी।
रहाणे ही KKR के कप्तान
अजिंक्य रहाणे को 2024 के बाद KKR का कप्तान बनाया गया था, जब टीम ने खिताब जीतने के बाद मेगा ऑक्शन में श्रेयस अय्यर को खो दिया था। हालांकि, पिछले सीजन में टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। बावजूद इसके, इस सीजन में रहाणे ही कप्तानी संभालेंगे। KKR का पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेडे स्टेडियम में खेला जाएगा।
क्यों फैली अफवाह
आईपीएल शुरू होने से पहले टीमों में बदलाव और सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने वाली खबरों ने रहाणे के कथित इस्तीफे को हकीकत का रूप दे दिया। फैन्स और क्रिकेट प्रेमियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई, लेकिन असली बयान और फेक पोस्ट की तुलना करने पर असली सच सामने आया।
इस बार भी रहाणे KKR के कप्तान रहेंगे और टीम के लिए नया सीजन चुनौतियों और उम्मीदों के साथ शुरू होगा। सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर भरोसा करने के बजाय आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।
ये भी पढ़ें: अक्षर पटेल नाराज थे’: 2 मैचों में ड्रॉप किए जाने पर कप्तान सूर्यकुमार ने कहा- मुझसे गलती हुई थी

