होम = खेल = नाकाम भी हो सकता हूं…मोहम्मद शमी का करारा जवाब,बताया क्यों मुस्लिम क्रिकेटरों को निशाना बनाते हैं ट्रोल्स

नाकाम भी हो सकता हूं…मोहम्मद शमी का करारा जवाब,बताया क्यों मुस्लिम क्रिकेटरों को निशाना बनाते हैं ट्रोल्स

by | Aug 28, 2025 | खेल

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने हाल ही में एक निजी न्यूज़ चैनल को दिए इंटरव्यू में खेल, ज़िंदगी और सोशल मीडिया ट्रोलिंग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी. खासतौर पर यह सवाल पूछे जाने पर कि क्या मुस्लिम क्रिकेटरों को ट्रोल्स ज्यादा निशाना बनाते हैं, शमी ने साफ कहा कि वह ऐसी बातों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते. शमी ने कहा कि मैं इस तरह की ट्रोलिंग पर ध्यान ही नहीं देता. मुझे एक काम दिया गया है. मैं मशीन नहीं हूं. अगर मैं पूरे साल मेहनत करता हूं तो कभी-कभी नाकाम भी हो सकता हूं,कभी कामयाब भी. यह तो लोगों पर निर्भर करता है कि वे इसे कैसे लेते हैं.

विकेट लेना और मैच जीतना ज्यादा जरूरी

उन्होंने यह भी कहा कि जब वह देश के लिए खेलते हैं तो सिर्फ प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं,न कि सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं पर. शमी ने कहा जब आप अपने देश के लिए खेल रहे होते हैं,तब आप सब कुछ भूल जाते हैं. आपके लिए विकेट लेना और मैच जीतना ज्यादा जरूरी हो जाता है. ऐसे मौकों पर मैं सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखता हूं.

ये भी पढ़ें : जल्द भारत बनेगा दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, 2038 तक अमेरिका को भी देगा टक्कर

सोशल मीडिया पर होने वाले ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने कहा कि हमें सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही टिप्पणियां मिलती हैं. लेकिन एक सच्चा फैन कभी इस तरह की ट्रोलिंग नहीं करेगा. अगर किसी को कोई आपत्ति है तो वो सम्मानपूर्वक बात कर सकता है. अगर किसी को लगता है कि वो मुझसे बेहतर कर सकता है, तो स्वागत है आइए और करके दिखाइए. शमी ने यह भी कहा कि खिलाड़ी के लिए लगातार मेहनत करना सबसे बड़ी चुनौती होती है,जबकि ट्रोल्स के लिए सिर्फ दो लाइनें टाइप करना ही काफी होता है.

पाकिस्तान से हार के बाद ट्रोल्स के निशाने पर थे शमी

गौरतलब है कि मोहम्मद शमी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ों में से एक हैं. उन्होंने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भी 9 विकेट लेकर भारत के संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. उनके नाम टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में 200 से ज्यादा विकेट दर्ज हैं. इसके बावजूद शमी 2021 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से हार के बाद ट्रोल्स के निशाने पर आ गए थे. सोशल मीडिया पर उन्हें गद्दार और देशविरोधी जैसे शर्मनाक शब्दों से नवाज़ा गया,जिसने देशभर में बहस छेड़ दी थी.