Highest run scorer in test : मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन (25 जुलाई) इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने अपनी शानदार बैटिंग से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इस मुकाबले से पहले वह पांचवें स्थान पर थे, लेकिन अब उन्होंने राहुल द्रविड़ और जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ दिया है.
सूची में तीसरे नंबर पर रूट
राहुल द्रविड़ ने टेस्ट क्रिकेट में 13,288 रन बनाए है जबकि जैक्स कैलिस के नाम 13,289 रन है. दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 13,290 रन बना लिए हैं. रूट के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है. वह इंग्लैंड के लिए 157 वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. इस मैच से पहले तक रूट ने 156 टेस्ट मैचों में 50.80 के औसत से 13,259 रन बनाए थे, जिसमें 37 शतक और 66 अर्धशतक शामिल थे.
अब रूट के पास रिकी पोंटिंग से आगे निकलने का शानदार मौका है.ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने 168 टेस्ट मैचों में 51.85 के औसत से 13,378 रन बनाए थे. रूट के पास पोंटिंग के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए कुछ ही रन की दूरी रह गई है.
ये भी पढ़ें : BCCI पर शिकंजे की तैयारी में सरकार…संसद में पेश होगा नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड कायम
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के पास है.सचिन ने भारतीय टीम के लिए 200 टेस्ट मैचों में 53.78 के औसत से 15,921 रन बनाए थे, जिसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक शामिल थे.
टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन
- 15,921 – सचिन तेंदुलकर (भारत)
- 13,378 – रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
- 13,290 – जो रूट (इंग्लैंड)
- 13,289 – जैक्स कैलिस (साउथ अफ्रीका)
- 13,288 – राहुल द्रविड़ (भारत)
- 12,472 – एलिस्टेयर कुक (इंग्लैंड)
- 12,400 – कुमार संगकारा (श्रीलंका)
- 11,953 – ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज)
- 11,867 – शिवनारायण चंद्रपॉल (वेस्टइंडीज)
- 11,814 – महेला जयवर्धने (श्रीलंका)
भारत के खिलाफ रिकॉर्ड
जो रूट भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन से ज्यादा बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने अब तक भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 3,000 रन से अधिक बनाए हैं.

