India-Pakistan :वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के आयोजकों ने 2025 में होने वाले बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया. आयोजकों ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों के विरोध और सार्वजनिक आलोचनाओं के बाद माफी मांगते हुए इस मैच को स्थगित करने का फैसला लिया है.
WCL ने क्या कहा
WCL द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि हमने हाल ही में दोनों देशों के बीच एक दोस्ताना वॉलीबॉल मैच से प्रेरित होकर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का आयोजन करने का निर्णय लिया था. हमारा उद्देश्य क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खुशहाल यादें बनाना था, लेकिन इस घोषणा ने कुछ लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई और भारतीय खिलाड़ियों में बेचैनी पैदा की. हम इस फैसले के लिए गहरा खेद व्यक्त करते हैं और सभी को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं.
भारतीय क्रिकेटरों का विरोध
इस विवाद ने भारतीय क्रिकेटरों को सख्त विरोध जताने पर मजबूर कर दिया. पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से अपने इनकार की पुष्टि की. धवन ने 11 मई को WCL आयोजकों को भेजे एक ईमेल का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा था कि राजनीतिक तनाव के कारण वह इस मैच में भाग नहीं लेंगे.
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि जो कदम 11 मई को लिया, उसमें आज भी वैसे ही खड़ा हूँ. मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता. सुरेश रैना ने भी शिखर धवन का समर्थन करते हुए कहा कि सूत्रों के अनुसार अन्य भारतीय क्रिकेट दिग्गजों ने भी निजी तौर पर आयोजकों से इस विषय पर अपनी चिंता व्यक्त की थी.
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद
इस विवाद के बाद WCL के प्रमुख प्रायोजक EaseMyTrip ने पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मैच से खुद को अलग कर लिया. ट्रैवल-टेक पोर्टल ने एक कड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि 5 साल के प्रायोजन समझौते के बावजूद हम पाकिस्तान से जुड़े किसी भी WCL मैच का हिस्सा नहीं बनेंगे. भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद WCL ने इस मामले पर आधिकारिक रूप से माफी मांगी और यह सुनिश्चित किया कि आयोजकों की ओर से जो भी असुविधा हुई है उसके लिए उन्हें खेद है.
18 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा WCL का आयोजन
WCL 2025 की मेज़बानी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड द्वारा स्वीकृत की गई है और यह 18 जुलाई से 2 अगस्त तक ब्रिटेन के चार शहरों बर्मिंघम, नॉर्थम्पटन, लीसेस्टर और लीड्स में आयोजित होगा. इस प्रतियोगिता में क्रिकेट के सेवानिवृत्त सितारे हिस्सा लेंगे.

