Women’s WC : 2 नवंबर 2025 का दिन भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार वनडे विश्व कप खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने वो सपना पूरा किया, जिसका इंतज़ार भारतीय क्रिकेट फैन्स को कई सालों से था।

भारत की धमाकेदार बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 87 रनों की शानदार पारी खेली और बाद में गेंदबाजी में 2 विकेट लेकर सबका दिल जीत लिया। दक्षिण अफ्रीका के जवाब में पूरी टीम 246 रन पर ढेर हो गई।

दीप्ति शर्मा का जादू – पलट दिया मैच
इस मैच की सबसे बड़ी हीरो रहीं दीप्ति शर्मा, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। उनकी गेंदों के आगे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। भले ही अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 101 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

52 साल में पहली बार भारत के नाम खिताब
महिला वनडे विश्व कप का सफर 1973 में शुरू हुआ था, लेकिन भारत को अब जाकर अपनी पहली जीत नसीब हुई। पहले दो बार (2005 और 2017) भारत फाइनल में पहुंचकर भी खिताब से चूक गया था। इस बार टीम ने पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ इतिहास रच दिया।

कप्तान हरमनप्रीत कौर हुईं भावुक
जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, कप्तान हरमनप्रीत कौर की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने जीत के बाद साथी खिलाड़ी स्मृति मंधाना को गले लगाया और मैदान पर जमकर भांगड़ा किया। हरमन ने कहा, “ये सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि हर उस लड़की का सपना पूरा हुआ है जो भारत के लिए क्रिकेट खेलना चाहती है।”

मैदान में छाया जश्न का माहौल
मैच खत्म होते ही मैदान पर जश्न का माहौल छा गया। भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेकर पूरे मैदान का चक्कर लगाया और दर्शकों को धन्यवाद दिया। स्टेडियम “भारत माता की जय” और “चैंपियंस इंडिया” के नारों से गूंज उठा।
फैंस के लिए गर्व का पल
देशभर में सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। लोगों ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत को “नया युग – नई भारत की बेटियाँ” कहकर सलाम किया।

