IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की है। दो मैचों में लगातार जीत के साथ भारतीय टीम अपने ग्रुप में टॉप पर बनी हुई है। लेकिन अब सबसे बड़ी चुनौती 15 फरवरी को होने वाले पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में देखने को मिलेगी। इस मैच से पहले टीम को सबसे ज्यादा चिंता ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर है।
अभिषेक शर्मा ने नामीबिया के खिलाफ पेट की बीमारी (स्टमक बग) की वजह से खेला नहीं था। यूएसए के खिलाफ मैच में उन्हें अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा था। अब हालांकि वह अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं और डगआउट में मैच के दौरान टीम के साथ मौजूद रहे।
वरुण चक्रवर्ती ने दी फिटनेस अपडेट
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अभिषेक शर्मा की सेहत के बारे में सकारात्मक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभिषेक नामीबिया मुकाबले से पहले प्रैक्टिस कर रहे थे और फिट लग रहे हैं। वरुण ने कहा, “मुझे लगता है कि वह अगले मैच में खेलेंगे। मैंने उनसे बात की है और वह अब ठीक हैं। उन्होंने आज प्रैक्टिस भी की थी और जल्द ही वापसी करेंगे।”
हालांकि, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय संकेत दिया कि अभिषेक शर्मा एक-दो मैच और मिस कर सकते हैं। अगर वे पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्हें मैदान पर देखा जा सकता है।
सुपर-8 का टिकट दांव पर
भारत-पाक मुकाबला ग्रुप स्टेज का सबसे अहम मैच माना जा रहा है। इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम सीधे सुपर-8 में प्रवेश कर जाएगी। फिलहाल टीम इंडिया 2 मैचों में 2 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। वहीं, पाकिस्तान ने भी अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर 4 पॉइंट्स हासिल किए हैं। ऐसे में इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का परिणाम सुपर-8 की राह तय करेगा।
ये भी पढ़ें: Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश चुनाव में BNP की प्रचंड जीत, 17 साल बाद कमान संभालेंगे तारिक रहमान

