India-Pakistan Semi-final: ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। 20 टीमों से शुरू हुआ सफर अब सुपर-8 में केवल 8 दावेदारों तक सिमट गया है। इसी दौर में एक बार फिर सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है क्या क्रिकेट फैंस को होली के दिन भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला देखने को मिलेगा?
सुपर-8 से सेमीफाइनल तक का रास्ता
सुपर-8 चरण में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में रखे गए हैं। नियम साफ हैं हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसका मतलब यह है कि भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत तभी संभव है, जब दोनों अपनी-अपनी टेबल में शीर्ष दो स्थानों में जगह बनाएं।
ग्रुप स्टेज में भारत का दबदबा
ग्रुप चरण में 15 फरवरी को दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी थी। उस मुकाबले से पहले कूटनीतिक और बोर्ड स्तर पर काफी तनाव देखने को मिला, लेकिन मैदान पर टीम इंडिया पूरी तरह हावी रही। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड भी उसकी मजबूती दर्शाता है।
सेमीफाइनल की तारीख और वेन्यू का ट्विस्ट
शेड्यूल के अनुसार, अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है और पाकिस्तान उससे नहीं टकराता, तो टीम इंडिया 5 मार्च को मुंबई में मुकाबला खेलेगी। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। अगर सेमीफाइनल भारत-पाकिस्तान के बीच तय होता है, तो यह मैच भारत में नहीं खेला जाएगा। हाइब्रिड समझौते के तहत इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को श्रीलंका शिफ्ट कर दिया जाएगा, जहां यह 4 मार्च को खेला जाएगा।
होली पर क्रिकेट का महासंग्राम?
सबसे दिलचस्प बात यह है कि 4 मार्च को होली का त्योहार है। यानी अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचती हैं, तो रंगों के त्योहार पर क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जा सकता है वो भी न्यूट्रल वेन्यू पर।
साफ है नतीजे
अब सारी निगाहें सुपर-8 के नतीजों पर टिकी हैं। अगर दोनों टीमें दबाव में भी जीत की राह नहीं छोड़तीं, तो फैंस को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला देखने को मिल सकता है होली के रंगों के बीच, सेमीफाइनल के मंच पर।
ये भी पढ़ें: सुपर-8 की सबसे बड़ी टक्कर! भारत-साउथ अफ्रीका मैच में मोर्केल ब्रदर्स आमने-सामने

