होम = News Latest = आखिरी ओवर में पलटा खेल! डेब्यूटेंट कॉनोली बने हीरो, पंजाब ने गुजरात से छीनी जीत

आखिरी ओवर में पलटा खेल! डेब्यूटेंट कॉनोली बने हीरो, पंजाब ने गुजरात से छीनी जीत

IPL 2026: IPL 2026 में Punjab Kings ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए Gujarat Titans को रोमांच से भरपूर मुकाबले में 3 विकेट से हरा दिया। मुल्लांपुर के होम ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में जीत का फैसला आखिरी ओवर में हुआ, जहां युवा बल्लेबाज कूपर कॉनोली ने शानदार पारी खेलकर मैच पलट दिया।

गेंदबाजों ने लगाया ब्रेक

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर का निर्णय शुरुआत में गलत लगता दिखा, जब शुभमन गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई। लेकिन इसके बाद युजवेंद्र चहल और मार्को जानसेन ने मैच का रुख बदल दिया। चहल ने गिल (39) और जोस बटलर (38) जैसे अहम विकेट लेकर गुजरात की रफ्तार तोड़ी। वहीं विजयकुमार व्यषक ने 3 विकेट झटककर टीम को 162 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।

रनचेज में झटके

163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत भी खराब रही। कागिसो रबाडाने शुरुआती झटका देते हुए ओपनर को जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और डेब्यू कर रहे कूपर कॉनोली ने पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच 76 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को मैच में बनाए रखा। कप्तान अय्यर ने भी तेज पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही मैच फिर पलटता नजर आया।

16 गेंदों में 4 विकेट

मध्य ओवरों में प्रसिद्ध कृष्ण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और पंजाब को दबाव में ला दिया। 16 गेंदों के अंदर 4 विकेट गिरने से मुकाबला पूरी तरह गुजरात की ओर झुकता दिखा।

कॉनोली का कमाल

लेकिन दूसरे छोर पर डटे कॉनोली ने हार नहीं मानी। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे। मार्को यानसन और जेवियर बार्टलेट के साथ छोटी लेकिन निर्णायक साझेदारियां करते हुए कॉनोली ने टीम को 19.1 ओवर में जीत दिला दी। 22 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने डेब्यू मैच में 44 गेंदों पर 72 रन (5 चौके, 5 छक्के) की मैच जिताऊ पारी खेली और हीरो बनकर उभरे।

लगातार दूसरी बार गुजरात पर भारी पंजाब

इस जीत के साथ पंजाब ने न सिर्फ नए सीजन का शानदार आगाज किया, बल्कि गुजरात के खिलाफ अपनी जीत की लय भी बरकरार रखी। पिछले सीजन के बाद यह उनकी लगातार दूसरी जीत है। इस मुकाबले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टी20 क्रिकेट में आखिरी गेंद तक कुछ भी संभव है।

ये भी पढे़ं: बोर हुआ तो छोड़ दूंगा क्रिकेट… मोहम्मद शमी का सेलेक्टर्स को सीधा संदेश, 67 विकेट के बाद भी क्यों हुए नजरअंदाज!

Tags : IPL 2026