India VS South Africa T20I Series: वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर भारतीय टीम अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक पांच मैचों की टी20 लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है। केएल राहुल की कप्तानी में मिली वनडे सफलता के बाद अब कमान टी20 के स्पेशलिस्ट सूर्यकुमार यादव संभालेंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए यह पूरी सीरीज टीम इंडिया के लिए सही संयोजन तलाशने का बड़ा मौका साबित होगी।
कहाँ और कब होगा मुकाबला
पहला मुकाबला (India VS South Africa T20I Series) 9 दिसंबर को ओडिशा के कटक में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमों के धुरंधर मैदान पर आगाज करने को बेताब हैं। इसके बाद 11 दिसंबर को न्यू चंडीगढ़, 14 को धर्मशाला, 17 को लखनऊ और अंतिम मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे और टॉस 6:30 बजे होगा।
भारत की टीम भी तैयार
भारतीय स्क्वाड इस बार बेहद बैलेंस्ड नजर आ रहा है। कप्तान सूर्यकुमार के साथ शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे तेजतर्रार बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे, जिनका साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा देंगे। स्पिन विभाग कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती के हाथों में होगा।
साउथ अफ्रीका की टीम
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका की टीम भी किसी से कम नहीं। एडन माक्ररम के नेतृत्व में क्विंटन डी कॉक, डेविड मिलर, डेवाल्ड ब्रेविस और रीजा हेंड्रिक्स जैसे पावरहिटर्स टीम की रीढ़ होंगे। गेंदबाजी में एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, मार्को जेनसन और केशव महाराज भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
दोनों टीमों के टॉप टी20 स्पेशलिस्ट आमने-सामने होंगे, ऐसे में सीरीज के हर मैच में रोमांच का चरम देखने को मिलेगा। कटक में पहला वार कौन करेगा, इसका जवाब अब कुछ ही घंटों में मिल जाएगा।
ये भी पढ़े: भारत ने अपने नाम की सीरीज, कुलदीप-प्रसिद्ध की घातक गेंदबाज़ी, यशस्वी का पहला शतक

