India Squad for T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान शनिवार, 20 दिसंबर को कर दिया गया। मौजूदा चैम्पियन टीम भारत इस बार अपने घर पर टाइटल डिफेंड करेगी। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि उप-कप्तान के रूप में अक्षर पटेल को चुना गया है। खराब फॉर्म के चलते शुभमन गिल इस बार टीम में जगह नहीं बना पाए।
सबसे बड़ा सरप्राइज
टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज है विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी। ईशान लगभग 2 साल बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। इसके अलावा मिडल ऑर्डर बैटर रिंकू सिंह को भी शामिल किया गया है। टीम चयन की प्रक्रिया मुंबई स्थित BCCI हेडक्वार्टर में हुई, जिसमें सचिव देवजीत सैकिया, अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव मौजूद थे।
कब और कहां होंगे मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और फाइनल मुकाबला 20 मार्च को खेला जाएगा। भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें USA, नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान शामिल हैं। टीम इंडिया के ग्रुप मैच चार अलग-अलग स्टेडियमों में खेले जाएंगे: अरुण जेटली (दिल्ली), वानखेड़े (मुंबई), आर. प्रेमदासा (कोलंबो) और नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद)।
टीम में कौन-कौन शामिल
15 सदस्यीय भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और ईशान किशन (विकेटकीपर)।
टी20 वर्ल्ड कप के अलावा, इसी टीम इंडिया का स्क्वॉड जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगा। टूर्नामेंट की तैयारी के लिए टीम ने रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
स्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए रोमांचक अपडेट- सुपर 8, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रोमांचक होने की पूरी संभावना है, जिससे फैंस को अगले दो महीने तक क्रिकेट का बेहतरीन ड्रामा देखने को मिलेगा।

