Virat Kohli in Vijay Hazare Trophy: विराट कोहली का बल्ला इस वक्त रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद अब डोमेस्टिक क्रिकेट में भी विराट ने ऐसा तूफान मचाया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। विजय हजारे ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के खिलाफ विराट कोहली ने महज 83 गेंदों में विस्फोटक शतक जड़ दिया। खास बात यह रही कि विराट ने इस टूर्नामेंट में 16 साल बाद शतक लगाया है, जिससे उनकी यह पारी ऐतिहासिक बन गई।
विराट की वापसी
विराट कोहली आखिरी बार 2009 में विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगा पाए थे। तब उन्होंने हरियाणा के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी और उस सीजन में कुल 4 शतक के दम पर 534 रन बनाए थे। अब 16 साल बाद एक बार फिर विराट ने उसी अंदाज़ में वापसी कर ली है। यह टूर्नामेंट विराट न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज की तैयारी के तहत खेल रहे हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन इंटरनेशनल स्तर जैसा ही नजर आ रहा है।
आज दिखा पुराना वाला विराट
विराट की बल्लेबाजी देखकर फैंस को 2016 वाला विराट याद आ गया है। पिछले चार वनडे पारियों में विराट तीन शतक ठोक चुके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में लगातार दो शतक, एक नाबाद 65 और अब विजय हजारे में यह सेंचुरी विराट इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में हैं। दिल्ली और आंध्र के बीच खेले गए इस मुकाबले में विराट की बल्लेबाजी देखने के लिए फैंस ने अपनी जान तक जोखिम में डाल दी। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे मैच को देखने के लिए कई फैंस पेड़ों पर चढ़कर खड़े नजर आए, जो बेहद खतरनाक था।
सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड
इस शतकीय पारी के दौरान विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। विराट अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 16,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 330 पारियों में हासिल किया, जबकि सचिन ने इसके लिए 391 पारियां ली थीं। 10,000 से लेकर 16,000 रन तक हर मील का पत्थर अब विराट कोहली के नाम दर्ज है।
ये भी पढ़ें: यूनुस सरकार घिरी विवाद में, भारत विरोधी हवा और हत्या का कनेक्शन!

