Sarfaraz to be appointed Pak Test coach: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में फिर से उथल-पुथल शुरू हो गई है। टीम के स्वदेश लौटते ही पीसीबी एक्शन मोड में नजर आ रहा है और खराब प्रदर्शन के बाद बड़े फैसलों की तैयारी चल रही है। हर आईसीसी टूर्नामेंट के बाद बदलाव की परंपरा इस बार भी कायम रह सकती है, लेकिन इस बार जो नाम चर्चा में है, उसने सबको चौंका दिया है। खबरें हैं कि पूर्व कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज सरफराज अहमद, जिन्होंने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, उन्हें टेस्ट टीम का नया हेड कोच बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा और अनोखा कदम साबित होगा।
करीब 4 महीने खाली है टेस्ट टीम कोच का पद
पाकिस्तानी टेस्ट टीम में हेड कोच का पद अक्टूबर 2025 से खाली पड़ा है और इसे भरने के लिए बोर्ड लंबे समय से नए चेहरे की तलाश में था। एक रिपोर्ट के मुताबिक सरफराज अहमद को टेस्ट टीम का नया हेड कोच बनाने का फैसला लगभग तय माना जा रहा है और इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है। गौरतलब है कि सरफराज ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, लेकिन फिलहाल वह पाकिस्तान अंडर-19 टीम में मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। इस समय वह पाकिस्तानी शाहीन टीम के साथ यूएई में हैं, जहां इंग्लैंड लायंस के खिलाफ सीरीज खेली जा रही है। पाकिस्तान को अपनी अगली टेस्ट सीरीज मई में बांग्लादेश दौरे पर खेलनी है और माना जा रहा है कि वहीं से सरफराज इस नई जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं।
ऐसा रहा है सरफराज का रिकॉर्ड
सरफराज अहमद पाकिस्तान क्रिकेट के सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था। बतौर खिलाड़ी भी उनका रिकॉर्ड मजबूत रहा है। उन्होंने 117 वनडे में 2315 रन, 54 टेस्ट मैचों में 3031 रन और 61 टी20 इंटरनेशनल में 818 रन बनाए हैं। अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अगर उन्हें टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया जाता है तो यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक बड़ा और अहम फैसला साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: बाबर-शादाब को टी20 वर्ल्ड खिलाने का विरोध करने वाले सेलेक्टर ने दिया इस्तीफा, 4 पारियों में बाबर ने बनाए थे 91 रन

