IND vs PAK No Handshake Policy:अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टक्कर से पहले एक बार फिर मैदान पर तनाव साफ नजर आया। रविवार, 14 दिसंबर को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप-स्टेज मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने टॉस के दौरान न हाथ मिलाया और न ही एक-दूसरे की ओर देखा। बारिश के कारण मैच को 49-49 ओवर का कर दिया गया था।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस दौरान दोनों कप्तानों ने शिष्टाचार से दूरी बनाए रखी, अलग-अलग इंटरव्यू दिए और सीधे अपने ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। यह दृश्य भारत की चर्चित ‘नो-हैंडशेक पॉलिसी’ की निरंतरता के रूप में देखा गया।
ICC खेल को राजनीति से अलग रखे
BCCI ने इससे पहले भी स्पष्ट किया था कि वह भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में हाथ मिलाने के प्रोटोकॉल पर पुनर्विचार नहीं करेगा, भले ही ICC खेल को राजनीति से अलग रखने की बात करती रही हो। कई क्रिकेट विशेषज्ञ इसे खेल भावना के खिलाफ मानते हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक और कूटनीतिक खटास मैदान पर अक्सर नजर आती रही है।
हाथ न मिलाना
गौरतलब है कि यह नीति भारत ने हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2025 के दौरान भी अपनाई थी, जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी मैच में हैंडशेक नहीं किया था और ट्रॉफी सेरेमनी में भी दूरी बनाए रखी थी। यही रुख बाद में ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी देखने को मिला, जब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी इसी नीति का पालन किया। एक बार फिर U19 एशिया कप में दिखा यह सख्त रवैया इस बात का संकेत है कि भारत-पाक क्रिकेट में तनाव फिलहाल खत्म होने वाला नहीं है।
ये भी पढ़े: रामलीला मैदान से सत्ता को सीधी चुनौती, वोट चोरी रैली में राहुल गांधी का मोदी-शाह पर तीखा हमला

