होम = खेल = क्रिकेट = वडोदरा में कोहली का विराट शो! 15 साल बाद टीम इंडिया की धमाकेदार वापसी, न्यूजीलैंड चार विकेट से ढेर

वडोदरा में कोहली का विराट शो! 15 साल बाद टीम इंडिया की धमाकेदार वापसी, न्यूजीलैंड चार विकेट से ढेर

India vs New Zealand 1st ODI Result: नए साल की शुरुआत टीम इंडिया ने जीत के जश्न के साथ की। वडोदरा के नए कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। करीब 15 साल बाद वडोदरा लौटी भारतीय टीम ने विराट कोहली की शानदार पारी के दम पर 301 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड की मजबूत शुरुआत, लेकिन अंत में लड़खड़ाहट

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। ओपनर हेनरी निकल्स (62) और डेवोन कॉनवे (56) ने 117 रन की साझेदारी कर भारत को दबाव में डाल दिया। हालांकि हर्षित राणा ने इस साझेदारी को तोड़कर मैच में भारत की वापसी कराई।

इसके बाद डैरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला और 84 रन की अहम पारी खेली, लेकिन वह शतक से चूक गए। अंतिम ओवरों में कीवी बल्लेबाजों ने तेजी से रन जोड़कर स्कोर 300 तक पहुंचाया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि सिराज सबसे किफायती साबित हुए।

कोहली का क्लास, राहुल का फिनिश

301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत साधारण रही। रोहित शर्मा (26) ने कुछ आकर्षक शॉट्स लगाए लेकिन जल्दी आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल संघर्ष कर रहे थे, तभी विराट कोहली क्रीज पर आए और आते ही मैच की दिशा बदल दी। कोहली और गिल के बीच 118 रन की अहम साझेदारी हुई। गिल ने 56 रन बनाए, जबकि कोहली ने इस दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में 28,000 रन का आंकड़ा भी छू लिया। इसके बाद श्रेयस अय्यर (49) के साथ कोहली ने स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

शतक की ओर बढ़ रहे कोहली 93 रन पर आउट हो गए, जिससे मैच में अचानक रोमांच बढ़ गया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर भारत को दबाव में डाला, लेकिन केएल राहुल और हर्षित राणा ने 37 रन की तेज साझेदारी कर हालात संभाल लिए। अंत में राहुल (29) ने छक्का लगाकर भारत को 49वें ओवर में जीत दिला दी।

जीत का संदेश साफ

कोटाम्बी स्टेडियम में मिली यह जीत सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि नए साल में टीम इंडिया के इरादों का ऐलान थी। विराट कोहली की फॉर्म और मध्यक्रम की मजबूती ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत बड़े लक्ष्यों के सामने झुकने वाला नहीं।

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: न्यूजीलैंड ने भारत को दिया बड़ा टारगेट, मिला 301 का लक्ष्य

बंगाल