IPL Auction 2026 Updates: अबू धाबी में आईपीएल 2026 की मेगा नीलामी की शुरुआत हो चुकी है और क्रिकेट जगत की निगाहें इस हाई-वोल्टेज इवेंट पर टिकी हैं। भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे ऑक्शन शुरू हुआ, जहां पहली बार मल्लिका सागर खिलाड़ियों के नाम पुकारती नजर आ रही हैं। इस नीलामी में फ्रेंचाइज़ियों के बीच रणनीति, बजट और जरूरतों की कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
इस साल ऑक्शन के लिए पहले 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। बाद में सूची में 19 और नाम जोड़े जाने की खबर सामने आई, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। सभी 10 टीमें अपने-अपने खाली स्लॉट भरने और संतुलित स्क्वॉड बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं।
इन बड़े नामों से हुई शुरुआत
नीलामी की शुरुआत हमेशा की तरह इंटरनेशनल खिलाड़ियों के सेट से हुई। शुरुआती सेट में जेक फ्रेजर मैक्गर्क, कैमरन ग्रीन, डेवन कॉनवे, सरफराज खान और पृथ्वी शॉ जैसे चर्चित नाम पुकारे गए। ऑक्शन का क्रम बल्लेबाज, ऑलराउंडर, विकेटकीपर, तेज गेंदबाज और स्पिनर के सेट में आगे बढ़ रहा है। शुरुआती पांच सेट में कुल 34 खिलाड़ियों पर बोली लगने की प्रक्रिया तय की गई है।
किस टीम के पास सबसे भारी पर्स?
IPL 2026 की नीलामी में 10 टीमों के पास कुल 237.55 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है। सबसे ज्यादा बजट कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास है, जिनके खाते में 64.30 करोड़ रुपये हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस सबसे कम बजट के साथ उतरी है, जिनके पास केवल 2.75 करोड़ रुपये बचे हैं।
खाली स्लॉट की दौड़
इस सीजन कुल 77 खिलाड़ियों के स्लॉट खाली हैं, जिनमें 52 भारतीय और 25 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 13 खाली स्लॉट KKR के पास हैं। सनराइजर्स हैदराबाद में 10, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स में 9-9, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में 8 स्लॉट खाली हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स को 6, मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस को 5-5 जबकि पंजाब किंग्स को 4 खिलाड़ियों की जरूरत है।
अब सवाल यही है, कौन सी टीम सबसे स्मार्ट खरीदारी करेगी और किस खिलाड़ी पर लगेगी सबसे ऊंची बोली? आईपीएल 2026 का ऑक्शन रोमांच के नए रिकॉर्ड बनाने को तैयार है।
ये भी पढ़े: महिला वोटर्स की ताकत बनाम विवादित हरकतें, नीतीश कुमार की सियासी उड़ान और आलोचना

