Women’s World Cup 2025 : 2 नवंबर 2025 को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपनी पहली महिला वनडे विश्व कप ट्रॉफी जीत ली। यह जीत न केवल क्रिकेट के मैदान पर एक बड़ी उपलब्धि थी, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण भी था।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में जब जीत का ऐलान किया, तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई।
सुपरहीरो बनकर उभरीं भारतीय महिलाएं
इस ऐतिहासिक जीत में दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की और 5 विकेट झटके। वहीं, शेफाली वर्मा ने 87 रन बनाकर भारतीय टीम की मजबूत शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 298 रन बनाए और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 246 रन पर समेट दिया। भारत की यह जीत महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में एक मील का पत्थर बन गई।

दिग्गज सितारों ने दी बधाई
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद, बॉलीवुड और खेल जगत के तमाम सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए टीम को बधाई दी। अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया, “जीत गए!!! इंडिया वुमन क्रिकेट… वर्ल्ड चैंपियन। आपने हम सभी को गर्व का पल दिया है। बहुत, बहुत बधाई!”

कंगना रनौत ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं
“हम हैं विश्व चैंपियन! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! हमारी बेटियों ने दिखा दिया कि दृढ़ निश्चय और टीम स्पिरिट से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जय हिन्द !!”

सुनील शेट्टी ने इस शानदार जीत को बेहद खास बताया और लिखा, “पसीना, हौसला, हिम्मत, निश्छल दिल और इसी तरह इतिहास चमक उठा! हमारी ब्लू जर्सी वाली महिलाओं ने शोहरत का पीछा नहीं किया, उन्होंने उसे अपनाया। हर छोटी बच्ची जिसके पास सपने हैं, और हर भारतीय जो जोर से कह रहा है – हम विश्व विजेता हैं।”
सनी देओल भी फूले नहीं समा रहे थे, उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “हिंदुस्तान जिंदाबाद! आज मेरी बहनों ने इतिहास रच दिया। भारत के लिए महिला क्रिकेट में पहला विश्व कप, क्या कमाल कर दिखाया। इस अजेय नारी शक्ति पर गर्व है, आपने तिरंगे को ऊंचा किया है! ये जीत हर हिंदुस्तानी की जीत है।”

अनुष्का शर्मा और विक्की कौशल ने दी बधाई
अनुष्का शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “आप सब चैंपियंस हैं। बहुत ही महत्वपूर्ण उपलब्धि।”
विक्की कौशल ने भी टीम इंडिया की शानदार जीत पर बधाई दी और लिखा, “वर्ल्ड चैंपियंस। हमारी नीली जर्सी वाली महिलाओं ने क्या ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खेल पर पूरी तरह कब्जा कर लिया… बल्लेबाजी, गेंदबाजी और खासकर फील्डिंग में उन्हें अपना सब कुछ देते हुए देखना… हरमनप्रीत कौर कप्तान साहब, शुक्रिया! टीम इंडिया को बधाई। हमें यह खुशी देने के लिए शुक्रिया। जय हिंद।”

टीम इंडिया का ऐतिहासिक पल
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली महिला वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी हासिल की। फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 299 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन वे 246 रन पर आउट हो गए। इस जीत के साथ भारत ने 52 साल के बाद पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता।
देशभर में जश्न और गर्व का माहौल
इस ऐतिहासिक जीत के बाद, सोशल मीडिया पर बधाईयों और शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई। यह जीत न केवल क्रिकेट, बल्कि भारतीय महिलाओं की शक्ति और संघर्ष का प्रतीक बन गई।
ये भी पढ़े : Women’s WC: भारत बना महिला क्रिकेट विश्व विजेता, मैदान में छाया जश्न का माहौल, 52 साल बाद इतिहास रचा !

