India-Pak : भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट प्रेमियों को अब सिर्फ एशिया कप या आईसीसी टूर्नामेंट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ही भिड़ंत देखने को मिलेगी। केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि भारत की राष्ट्रीय टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी और न ही पाकिस्तान की टीम को भारत आने की अनुमति दी जाएगी।
खेल मंत्रालय ने क्या कहा
खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत की पाकिस्तान को लेकर नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की बहाली का कोई सवाल ही नहीं उठता। सरकार के इस रुख के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज निकट भविष्य में संभव नहीं है।
मल्टीनेशन इवेंट्स में खेलने पर कोई रोक नहीं
हालांकि भारत सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि एशिया कप और आईसीसी टूर्नामेंट जैसे मल्टीनेशन इवेंट्स को अलग श्रेणी में रखा जाएगा। यदि ऐसे टूर्नामेंट किसी तटस्थ स्थल (न्यूट्रल वेन्यू) पर आयोजित होते हैं तो भारतीय टीम उनमें भाग ले सकती है।
इन मौकों पर होगें भारत- पाकिस्तान मुकाबले
इस निर्णय के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले केवल अंतरराष्ट्रीय बहुराष्ट्रीय आयोजनों तक ही सीमित रहेंगे। दोनों देशों के बीच अंतिम द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में खेली गई थी, और उसके बाद से अब तक सभी मुकाबले सिर्फ आईसीसी या एशिया कप जैसे मंचों पर ही हुए हैं।

