BCCI : एशिया कप 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा स्पॉन्सरशिप झटका लगा है. लंबे समय से टीम इंडिया की जर्सी पर मौजूद ऑनलाइन गेमिंग कंपनी Dream11 का नाम अब नजर नहीं आएगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने Dream11 के साथ अपना करार समय से पहले ही समाप्त कर दिया है.
इसलिए लिया गया है फैसला
BCCI ने यह फैसला हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल 2025 के संसद में पारित होने के बाद लिया है, जो अब कानून का रूप ले चुका है. इस कानून के तहत रियल-मनी आधारित ऑनलाइन गेमिंग जैसे फैंटेसी स्पोर्ट्स, रमी, पोकर, लॉटरी और बेटिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है. इस तरह के किसी भी गेम को प्रमोट करना, चलाना या इनसे जुड़ा कोई भी वित्तीय लेन-देन अब अवैध माना जाएगा. BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने ANI को दिए एक बयान में कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में बोर्ड ऐसे किसी भी संगठन के साथ साझेदारी न करे, जो इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो.
BCCI and Dream 11 are discontinuing their relationship after the Promotion and Regulation of Online Gaming Bill, 2025, was passed. BCCI will ensure not to indulge with any such organisations ahead in future: BCCI Secretary Devajit Saikia to ANI pic.twitter.com/RCJ5lTHvB3
— ANI (@ANI) August 25, 2025
2023 से 2026 तक का 44 मिलियन डॉलर का करार
Dream11 का टीम इंडिया के साथ 2023 से 2026 तक का 44 मिलियन डॉलर (लगभग 358 करोड़ रुपये) का करार था. कंपनी ने इस करार के तहत BCCI को भारी आर्थिक समर्थन दिया था. इसके अलावा Dream11 और My11Circle मिलकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और टीम इंडिया की टाइटल स्पॉन्सरशिप के जरिए BCCI को करीब 1000 करोड़ रुपये की आमदनी दे रहे थे.
Dream11 ने सहयोग की कही थी बात
हालांकि इससे पहले बिल पास होने के बाद Dream11 ने एक बयान जारी कर कहा कि हम हमेशा से कानून का पालन करने वाली कंपनी रहे हैं और आगे भी कानून का सम्मान करेंगे. हम ऑनलाइन गेमिंग प्रचार और विनियमन विधेयक 2025 का पूरी तरह पालन करेंगे.

