Asia Cup 2025 Team India squad : भारतीय टीम 4 सितंबर को एशिया कप 2025 के लिए दुबई पहुंच चुकी है. इस टीम में संजू सैमसन को भी जगह मिली है. हालांकि भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में उनके लिए स्थान बनाना आसान नहीं होगा,क्योंकि टीम में पहले से कई बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं.
टी20 टीम में शुभमन गिल की वापसी
टी20 टीम में शुभमन गिल की वापसी हुई है, और उन्हें उपकप्तान भी बनाया गया है. गिल और अभिषेक शर्मा ओपनिंग कर सकते हैं,जिससे सवाल उठ रहा है कि संजू सैमसन को किस स्थान पर रखा जाएगा. सैमसन ने हालिया समय में टी20 इंटरनेशनल में ओपनिंग की है,लेकिन अब गिल के टीम में शामिल होने के बाद उनका रोल क्या होगा, यह एक महत्वपूर्ण सवाल है.
गावस्कर का टीम को नसीहत
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि संजू सैमसन को टीम इंडिया की प्लेइंग-11 से बाहर नहीं किया जा सकता.गावस्कर ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि अगर आप संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को कोर टीम में लेते हैं, तो आप उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों में नहीं रख सकते.
ये भी पढ़ें : धोनी को लेकर इरफान पठान के 2020 के बयान ने सोशल मीडिया पर मचाया हंगामा, जानें क्या कहा
गावस्कर का कहना है कि संजू सैमसन नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और अगर जरूरत पड़ी तो वे फिनिशर की भूमिका भी निभाने में सक्षम हैं. इसके अलावा, उनका मानना है कि सैमसन विकेटकीपिंग में जितेश शर्मा से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. गावस्कर ने कहा कि मुझे लगता है कि कम से कम शुरुआती दो मैचों में सैमसन को जितेश से आगे खेलने का मौका मिलेगा. फिर,बाकी उनकी फॉर्म पर निर्भर करेगा. मुझे लगता है कि ऐसा ही होगा.
गावस्कर के अनुसार क्या होना चाहिए प्लेइंग-11
गावस्कर ने एक संभावित बल्लेबाजी क्रम भी सुझाया, जिसमें सैमसन को तीसरे नंबर पर रखा गया है. इसके बाद सूर्यकुमार यादव (चौथे), तिलक वर्मा (पाँचवें) और हार्दिक पंड्या (छठे) को स्थान दिया गया है. संजू सैमसन ने घरेलू और लीग क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 134 पारियों में 4136 रन बनाए हैं, जिसमें 31 अर्धशतक और 5 शतक शामिल हैं. उनकी ताकत बड़े शॉट्स खेलने में है, जो उन्हें टॉप ऑर्डर और लोअर मिडिल ऑर्डर में एक अहम खिलाड़ी बनाता है.

