होम = खेल = अमृतसर का सितारा अभिषेक शर्मा: IPL से टीम इंडिया तक चमका करियर

अमृतसर का सितारा अभिषेक शर्मा: IPL से टीम इंडिया तक चमका करियर

by | Sep 25, 2025 | खेल

Abhishek Sharma : IPL 2024 और 2025 सीजन में जिस खिलाड़ी ने सबका दिल जीता, वह हैं पंजाब के अमृतसर से आने वाले युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। अपनी तूफानी बल्लेबाजी और उपयोगी स्पिन गेंदबाजी के दम पर अभिषेक ने न सिर्फ फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में नाम कमाया बल्कि अब टीम इंडिया में भी जगह पक्की कर ली है।

2024 में दिखाई असली ताकत

27 मार्च 2024 को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक ने वह पारी खेली जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। ट्रेविस हेड के धमाकेदार अर्धशतक के बाद जब अभिषेक मैदान पर उतरे, तो उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों पर 7 छक्के और 3 चौकों की मदद से मुंबई के बड़े गेंदबाजों को निशाने पर ले लिया। उस मैच ने अभिषेक को चर्चा के केंद्र में ला दिया। पूरे सीजन में उनका बल्ला खूब बोला और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी शामिल किया गया।

बचपन से क्रिकेट का जुनून

चार सितंबर 2000 को जन्मे अभिषेक शर्मा बचपन से ही क्रिकेट के दीवाने थे। उनके पिता राजकुमार शर्मा खुद पंजाब के लिए लेफ्ट-आर्म स्पिनर रहे हैं और बेटे को भी उसी राह पर आगे बढ़ाने का सपना देखा। पिता की कोचिंग और मेहनत ने रंग दिखाया और छोटी उम्र में ही अभिषेक ने अंडर-14 स्तर पर पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। उनकी प्रतिभा को महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने भी सराहा और उन्हें भविष्य का ऑलराउंडर बताया था।

रणजी और अंडर-19 क्रिकेट

16 साल की उम्र में अभिषेक ने रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 94 रनों की शानदार पारी खेली। भारतीय अंडर-19 टीम में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। 2016 में इमर्जिग एशिया कप की जीत और 2018 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में उनका योगदान काबिले तारीफ रहा। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 1200 रन और 57 विकेट लेकर वे दो बार ‘राज सिंह डूंगरपुर अवॉर्ड’ जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने।

IPL में धमाल

2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें खरीदा और डेब्यू मैच में ही उन्होंने 19 गेंदों पर 46 रन बनाकर सबका ध्यान खीचा। इसके बाद वे सनराइजर्स हैदराबाद का अहम हिस्सा बने। IPL 2024 में अभिषेक ने 16 मैचों में 484 रन बनाए, स्ट्राइक रेट 204 से ज्यादा रहा। तीन अर्धशतक और कई विस्फोटक पारियों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई।

2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ पारी खेली

IPL 2025 में अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 55 गेंदों पर 141 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। यह किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर और IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बना। इस सीजन में उन्होंने कुल 439 रन बनाए जिनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे।

युवराज सिंह का योगदान

अभिषेक की सफलता में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह का भी हाथ रहा। उन्होंने न सिर्फ उनकी तकनीक सुधारी बल्कि फिटनेस और अनुशासन को भी प्राथमिकता देने की सलाह दी। युवराज अक्सर मजाकिया अंदाज में अभिषेक की गलतियों पर टोकते भी रहते हैं।

आर्थिक सफलता और लोकप्रियता

रिपोर्ट्स के अनुसार, 2025 में अभिषेक शर्मा की नेटवर्थ 12-15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। IPL कॉन्ट्रैक्ट, BCCI का वार्षिक अनुबंध और ब्रांड एंडोर्समेंट से वे मोटी कमाई कर रहे हैं। महंगी कारों के शौकीन अभिषेक की लाइफस्टाइल भी चर्चा में रहती है।

ये भी पढ़ेIND vs PAK : भारत से हार पर इमरान खान का तंज – “मुनीर और नकवी करें ओपनिंग”

पिता का सपना, बेटे ने किया पूरा

अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की यात्रा सिर्फ क्रिकेट की कहानी नहीं बल्कि पिता के सपने को पूरा करने की दास्तान भी है। अमृतसर की गलियों से निकला यह लड़का आज भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन ने उन्हें IPL का स्टार और टीम इंडिया का उभरता हुआ खिलाड़ी बना दिया है।

बंगाल